विदेशी बाजारों में मजबूती के बीच जोरदार त्योहारी मांग से घरेलू सराफा बाजार में सोना 300 रुपये उछलकर 28,800 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। औद्योगिक मांग बढ़ने से चांदी भी 450 रुपये सुधरकर 44,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए ज्वेलर्स और रिटेलरों ने खरीदारी पर जोर दिया। वहीं, यूक्रेन तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ी, जिसका असर कीमतों पर देखा गया। सिंगापुर में सोने के भाव 0.2 फीसदी बढ़कर 1,308.13 डॉलर प्रति औंस हो गए। चांदी भी 0.2 फीसदी ऊपर 20.08 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई।
घरेलू बाजार में सोने की आठग्रामी गिन्नी के भाव 100 रुपये बढ़कर 24,900 रुपये प्रति हो गए। हालांकि, चांदी सिक्कों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। चांदी सिक्का लिवाली 77,000 और बिकवाली 78,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।