मंगलवार को 30,000 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर पर सोने का रेट आने के बाद गुरूवार को फिर सोने की कीमतों में तेजी आई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु की चमक फीकी पड़ने के बावजूद घरेलू स्तर पर वैवाहिक मांग आने से दिल्ली सराफा बाजार में सोना 450 रुपए चढ़कर 31,250 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा जबकि औद्योगिक मांग कमजोर रहने से चांदी 200 रुपए लुढ़ककर 43,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
एशियाई बाजार में सोना हाजिर पिछले कारोबारी सत्र के दौरान 1.6 प्रतिशत चढ़ने के बाद 0.4 प्रतिशत की गिरावट लेकर 1237.94 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिका में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मजबूत आंकडे़ आने के बीच अमेरिकी फेड रिजर्व के प्रोत्साहन पैकेज शीघ्र वापस लिये जाने की आशंकाओं से पीली धातु पर दबाव रहा। इस दौरान चांदी भी 0.09 प्रतिशत कमजोर होकर 19.58 डालर प्रति औंस रही।
घरेलू स्तर पर शादी विवाह का सीजन शुरू होने के मद्देनजर आभूषण कारोबारियों की खरीदारी के बल पर सोना 450 रुपए चमककर 31,250 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
इस दौरान गिन्नी भी 100 रुपए तेज होकर 25,200 रुपए प्रति आठ ग्राम बोली गई। इस दौरान चांदी 200 रुपए फिसलकर 43,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। हालांकि चांदी वायदा 1,370 रुपए की छलांग लगाकर 44,300 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
चांदी में गिरावट का असर सिक्कों पर भी देखा गया। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार उतरकर क्रमश: 82,000 और 83,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर आ गई।