सराफा बाजार में सोने में गिरावट का सिलसिला बरकरार है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होने से सोना पर दबाव बढ़ गया है।
फिलहाल एमसीएक्स में सोना 1.1 प्रतिशत टूटकर 25,500 प्रति दस ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी में भी गिरावट दर्ज की गई और वह 43,450 रुपये प्रति किलो के स्तर पर है।
विश्लेषकों का कहना है कि मंगलवार शाम में रिकवरी के बाद वायदा बाजार में निवेशक सोना की अग्रिम बुकिंग (25,536 प्रति दस ग्राम) कर रहे हैं।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में मजबूती देखी गई है। सिंगापुर में एक आउंस सोने की कीमत 1382.85 अमेरिकी डॉलर दर्ज की गई।
गौरतलब है कि मंगलवार को वायदा और हाजिर दोनों बाजारों में सोने में थोड़ी तेजी देखने को मिली। मंगलवार सुबह वायदा बाजार में सोना गत 18 महीने के न्यूनतम स्तर 25,270 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव तक गिरने के बाद शाम तक 25,960 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
इसी तरह दिल्ली के हाजिर बाजार में 26,440 रुपये तक लुढ़कने के बाद सोने की चमक लौटनी शुरू हुई और शाम तक सोना 26,700 रुपये पर आ गया। इसी तरह, चांदी की कीमतें भी हाजिर में 1,875 रुपये की गिरावट के साथ 46,125 रुपये प्रति किलो पर आ गई हैं।