विदेशी बाजारों सुस्ती के बीच घरेलू बाजार में मांग कम रहने से सोने के भाव 345 रुपये गिरकर 26,050 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए। औद्योगिक मांग कमजोर रहने से चांदी भी 350 रुपये उतरकर 35,150 रुपये प्रति किलो पर बिकी।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि विदेशी बाजारों में सोने के भाव चार साल के निचले स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। इसका असर घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर रिटेलर्स और ज्वेलर्स की तरफ से भी मांग कम रही। सिंगापुर में सोने के भाव 0.16 फीसदी उतरकर 1,149 डॉलर प्रति औंस पर आ गए। यह वर्ष 2010 के बाद का निचला स्तर है। चांदी भी 0.7 फीसदी नीचे 15.50 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई।
घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का असर सिक्कों के भाव पर भी दिखाई दिया। सोने की आठग्रामी गिन्नी 100 रुपये उतरकर 23,700 रुपये प्रति पर आ गई। वहीं, चांदी के सिक्कों में 2,000 रुपये की तेज गिरावट आई। चांदी सिक्का लिवाली भाव 58,000 और बिकवाली 59,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर दर्ज किए गए।