लगातार पांचवें दिन बढ़त का रुख बरकरार रखते हुए सोने के भाव पांच माह के टॉप पर पहुंच गए। बुधवार को सोने की कीमत 320 रुपये के उछाल के साथ 28,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। चांदी में भी 950 रुपये का उछाल देखा गया और भाव 40,150 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
कारोबारियों के मुताबिक विदेशी बाजारों में मजबूती का रुख बरकरार रहने और घरेलू स्तर पर विवाह सीजन की मांग के चलते खरीद बढ़ने के भाव सोना पिछले पांच कारोबारी दिवस में 1,180 रुपये बढ़ चुके हैं।
सिंगापुर में सोने का भाव 1,300 डॉलर के स्तर को पार करते हुए 0.6 फीसदी की बढ़त के साथ 1,303.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी 1.9 फीसदी बढ़कर 18.33 डॉलर प्रति औंस पर रही।
घरेलू बाजार में सोने की अठग्रामी गिन्नी का भाव 24,000 रुपये पर स्थिर रहा। चांदी सिक्के के भाव भी लिवाली 64,000 रुपये और बिकवाली 65,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।