ग्लोबल स्तर पर मंदी और स्थानीय स्तर पर मांग आने की संभावना के बीच घरेलू सराफा बाजार में सराफे में गिरावट रही। स्थानीय बाजार में सोना 100 रुपये उतरकर 31,500 रुपये प्रति दस ग्राम रहा। चांदी के भाव 270 रुपये की गिरावट के साथ 59,550 रुपये प्रति किलो पर दर्ज किए गए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में मंदी का रुख है। अमेरिका में आर्थिक भी भरोसेमंद नहीं है। इससे सोने के भावों में उतार का रुख रहा। कारोबार के दौरान सोने के भाव 1,713.39 डॉलर प्रति औंस तक उतर गए। बाद में इनमें सुधार हुआ और यह 1,724.45 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए।
चांदी का कारोबार तेजी में रहा। चांदी के दाम 0.4 फीसदी गिरकर 32.19 डॉलर प्रति औंस दर्ज किए गए। जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने के भावों में मंदी के आसार हैं। बाजार में उथल पुथल हो रही है। भारत में त्योहारी सीजन के बावजूद मांग जोर नहीं पकड़ रही है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय सराफा बाजारों में भी दिख रहा है।
स्थानीय स्तर पर दोनों कीमती धातुओं ने मंदी का रुख अख्तियार किया। हालांकि, नवरात्र के कारण ग्राहकी आ रही है। कारोबार के दौरान सोने के भाव 31,600 रुपये से 100 रुपये उतरकर 31,500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गए। चांदी की चमक भी फीकी रही। चांदी के भाव 59,820 रुपये से 270 रुपये घटकर 59,550 रुपये प्रति किलो दर्ज किए गए। बाजार में चांदी सिक्के की मांग आ रही है। इससे सिक्के के भाव 1,000 रुपये बढ़ गए।
चांदी सिक्का लिवाली 76,000 और बिकवाली 77,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर रहे। सोने की गिन्नी के भाव 25,450 रुपये प्रति पर टिके रहे। कारोबारियों का कहना है कि नवरात्र में मांग आने की संभावना बन रही है। हालांकि ग्लोबल स्तर पर हो रहे उतार चढ़ाव का असर दिख सकता है। लेकिन त्योहारी सीजन होने से मांग आने की उम्मीद है।