विदेशी बाजारों में पीली धातु की चमक फीकी पड़ने के बीच घरेलू स्तर पर ऊंची कीमत के कारण ग्राहकी कमजोर पड़ने से दिल्ली सर्राफ बाजार में सोने की कीमतों में जबरदस्त गिरावट आई है।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में 510 रूपए की भारी गिरावट हुई। इससे सोना लुढ़कर डेढ़ महीने के निचले स्तर पर आ गया। डेढ महीने से अधिक के निचले स्तर 31,015 रूपए प्रति दस ग्राम आ गया और औद्योगिक मांग कमजोर होने से चांदी भी 175 रूपए लुढककर 44900 रूपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
लंदन से मिली जानकारी के अनुसार कारोबार की शुरूआत में सोना हाजिर 1.2 प्रतिशत गिरकर एक सप्ताह के सर्वाधिक न्यूनतम स्तर 1237.04 डालर प्रति औंस तक उतरने के बाद 1.1 प्रतिशत नीचे आकर 1237.60 डालर प्रति औंस पर रहा। इस दौरान अमेरिकी सोना वायदा भी 1.1 प्रतिशत कमजोर होकर 1235.80 डालर प्रति औंस बोला गया।
विश्लेषकों के मुताबिक इस सप्ताह अमेरिका में गैर कृषि आंकडों के साथ ही तीसरी तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद.जीडीपी. और विनिर्माण क्षेत्र से जुडे आंकडे जारी होने है जिससे अर्थव्यवस्था के मजबूत रहने की उम्मीद है। ऐसे में अमेरिकी फेड रिजर्व के प्रोत्साहन पैकेज शीघ्र, वापस लेने के संकेतों के बीच डालर के मजबूत होने से पीली धातु पर दबाव बना है।
अमेरिकी फेड रिजर्व 17 और 18 दिसंबर को होने वाली बैठक में 85 अरब डालर की मासिक बांड खरीद योजना को समाप्त करने पर निर्णय ले सकता है। ऐसे में आगे सोने के भाव में और गिरावट आने की उम्मीद है। इस दौरान चांदी भी 1.3 प्रतिशत लुढककर 19.96 डालर प्रति औंस पर रही।