रिटेल चेन चलाने वाला फ्यूचर समूह और भारती रिटेल का अगले महीने तक विलय हो जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि दोनों समूहों के बीच इस बारे में बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है और मई की शुरुआत में दोनों कंपनियों के कारोबार के विलय की घोषणा हो सकती है।
मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक दोनों कंपनियों के विलय का यह सौदा हिस्सेदारी के आधार पर किया जाएगा और विलय के बाद बनने वाली कंपनी में किशोर ब्याणी की अगुवाई वाला फ्यूचर समूह प्रमुख भूमिका में रहेगा। सूत्रों का बताना है कि सौदे के तहत भारती समूह के इजी डे सुपर मार्केट चेन का विलय फ्यूचर कंज्यूमर इंटरप्राइज के साथ किया जाएगा।
इसी तरह ईजी डे ब्रांड के तहत चलने वाले हाइपर मार्केट चेन का विलय फ्यूचर रिटेल के साथ किया जाएगा। गौरतलब है कि इजी डे सुपर मार्केट में फिलहाल दैनिक जरूरत से जुड़े सामान और किराना सामान की बिक्री की जाती है।