ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फ्लिपकार्ट ने अपने उन कर्मचारियों को 50 हजार रुपये तक का अतिरिक्त भत्ता देने का निर्णय लिया है जो बच्चा गोद लेना चाहते हैं।
पहली दफा ई-कॉमर्स कंपनी की ओर से लिए गए इस निर्णय से बच्चों के गोद लेने वालों की तादाद बढ़ने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भत्ता 10 जुलाई से प्रभावी कर दिया है।
वहीं कंपनी ने अपने मातृत्व, पितृत्व अवकाश नीति में भी काफी बदलाव किया है। ताकि कर्मचारी अपने बच्चों के लालन-पालन पर ज्यादा ध्यान दे सकें।
फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता के मुताबिक बच्चों को गोद लेने में आने वाली कानूनी और अन्य महत्वपूर्ण खर्च के लिए इस राशि का इस्तेमाल किया जा सकेगा। सेंट्रल एडॉप्शन प्राधिकरण (कारा) के मुताबिक इस वर्ष जनवरी-मार्च के बीच 1368 बच्चों को आशियाना मिला है।
लेकिन देश में बच्चा गोद लेने वालों की तादाद काफी कम है। कंपनी की नई पॉलिसी के मुताबिक अगर कोई महिला कर्मचारी एक साल से कम उम्र के बच्चे को गोद लेती है तो उसे मातृत्व अवकाश नीति के तहत लाभ दिए जाएंगे। यानी उसे छह माह तक पेड लीव और चार माह तक कामकाज के घंटे उनके अनुरूप तय किए जाएंगे।
वहीं अगर एक साल के अधिक उम्र के बच्चे को गोद लिया जाता है तो कर्मचारी को तीन माह का पेड लीव और कामकाज के घंटों में लचीला रुख अपनाया जाएगा। पुरुष कर्मचारियों के लिए छह माह का पेड एडॉप्शन लीव और चार माहे के लिए कामकाज के घंटों में छूट मिलेगी।