मलयेशिया की बजट एयरलाइंस एयरएशिया के निवेश प्रस्ताव पर बुधवार को वित्त मंत्रालय विचार कर सकता है। एयर एशिया टाटा समूह और एक अन्य भागीदार के साथ साझा उपक्रम में देश में किफायती विमानन सेवा शुरू करने की तैयारी में है।
एक अधिकारी के मुताबिक विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड की बैठक के एजेंडे में एयरएशिया के निवेश प्रस्ताव को सूचीबद्ध किया गया है। एयरएशिया ने टाटा संस और अरुण भाटिया की टेलेस्ट्रा ट्रेडप्लेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक साझा उपक्रम में 49 फीसदी हिस्सेदारी लेने के लिए आवेदन किया है।
विमानन में फिर लौटेगी तेजी
किफायती हवाई अड्डों के चलते विमानन सेक्टर में उछाल आने के प्रति भरोसा जताते हुए नागरिक विमानन मंत्री अजित सिंह ने कहा कि राज्यों को हवाई ईंधन पर कर घटाना चाहिए। उन्होंने नए टर्मिनल का उद्घाटन करते हुए कहा कि विमानन इंडस्ट्री में यदि पहला बूम बजट एयरलाइंस के जरिए आया था, अगली तेजी किफायती हवाई अड्डों के चलते आएगी।
केंद्र सरकार ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट नीति के अंतर्गत 15 और एयरपोर्ट का निर्माण करने की योजना बना रही है। क्षेत्रीय हवाई संपर्क विकसित करने के लिए विमानन मंत्रालय छोटे-छोटे एयरपोर्ट बनाने के सबसे उपयुक्त और किफायती मॉडल तैयार करने में जुटा है। इस संबंध में विमानन मंत्रालय और भारतीय एयरपोर्ट अथारिटी को निर्देश दिए जा चुके हैं कि वह इच्छुक राज्यों के साथ समन्वय और तकनीकी विशेषज्ञता का विस्तार करें।