बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस पर 1.77 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
बीमा नियामक ने कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई गैर पंजीकृत इकाइयों से कारोबार करने सहित विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने के चलते की है।
इरडा की ओर जारी आदेश में कहा गया है कि बीमा कंपनी को 1.77 करोड़ रुपये की पेनाल्टी शेयरधारकों के खाते में इस आदेश के 15 दिन के भीतर जमा कराना होगा।
भारत की जीडीपी 5.5%रहेगी
रेटिंग एजेंसी फिच ने भारत की विकास दर चालू वित्तवर्ष 2014-15 में 5.5 फीसदी और 2015-16 में 6 फीसदी रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही एजेंसी ने देश के रेटिंग आउटलुक को स्टेबल रखा है।
फिच के पूर्वानुमान के मुताबिक वास्तविक विकास दर 2013-14 के 4.7 फीसदी से बढ़कर वित्त वर्ष 2015 में 5.5 फीसदी और वित्त वर्ष 2016 में 6 फीसदी हो जाएगी। हालांकि, रेटिंग एजेंसी ने कहा है कि हाल के वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था में गतिशीलता कम हुई और इसमें गिरावट का रुख बना हुआ है।
2012-13 में भारत की जीडीपी दशक के निचले स्तर 4.5 फीसदी पर रही थी। देश की बीते पांच साल में औसत विकास दर 6.7 फीसदी है।
विश्व में गेहूं उत्पादन घटने के आसार
वर्ष 2014-15 के दौरान विश्व में गेहूं का उत्पादन कुछ कम होने के आसार हैं। इंटरनेशनल ग्रेन काउंसिल (आईजीसी) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2014-15 में विश्व का गेहूं का उत्पादन 70 करोड़ टन से कुछ कम रह सकता है। वर्ष 2013-14 में गेहूं उत्पादन 70.9 करोड़ टन रहने का अनुमान है।
आईजीसी का कहना है कि विश्व में गेहूं का उत्पादन मांग को देखते हुए बिल्कुल पर्याप्त है। गेहूं उत्पादन देशों की घरेलू मांग अच्छी रहने से वर्ष 2014-15 में वैश्विक निर्यात इस साल के 15 करोड़ टन से घटकर 14.3 करोड़ टन तक रह सकता है। भारत में रबी की फसल पर बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की मार के चलते गेहूं उत्पादन गिरने की आशंका है।