अब फास्ट फूड के लिए आपको जेब ज्यादा ढील करनी पड़ेगी। नामी फूड चेन मैकडोनल्ड ने अपने ज्यादातर प्रोडक्ट के दाम 10 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं।
महंगाई के चलते डॉमिनोज पिज्जा भी जल्द महंगा हो सकता है। जिस तरह नामी फूड रिटेलर दाम बढ़ा रहे हैं, उसे देखते हुए बाकी ब्रांडेड रेस्त्रां का खाना भी महंगा हो सकता है।
पिछले बजट में एसी रेस्त्रां पर सर्विस टैक्स लगने के बाद ही बाहर का खाना महंगा हो गया था। लेकिन कई महीने से खाद्य मुद्रास्फीति को देखते हुए फूड चेन कीमतें बढ़ाने में जुट गई हैं। इससे ग्राहकों पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही हैं।
गत एक नवंबर से मैकडोनल्ड ने अपने अधिकांश फूड प्रोडक्ट के दाम करीब 10 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। महंगाई के दौर में सस्ते मैन्यू का प्रचार करने वाले मैकडोनल्ड ने कीमतों में यह बढ़ोतरी बेहद गुपचुप तरीके से की है।
मध्य दिल्ली के मैकडोनल्ड रेस्त्रां पर मैकवेजी 65 के बजाय 69 रुपये, मैकचिकन 75 के बजाय 85 और पनीर रैप 135 के बजाय 149 रुपये में बिक रहा है। रेस्त्रां से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि कुछ प्रोडक्ट को छोड़कर अधिकांश बर्गर के दाम बढ़ चुके हैं। बढ़ी हुई कीमतें गत एक नवंबर से लागू हुई हैं। महंगाई की मार सिर्फ बर्गर तक सीमित नहीं है।
अब पिज्जा के लिए भी आपको ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। पिज्जा चेन डोमिनोज का संचालन करने वाली कंपनी जुबलियंट फूड वर्क्स ने कच्चे माल की महंगाई को देखते हुए नवंबर के मध्य से दाम बढ़ाने की तैयारी कर ली है।
कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि डॉमिनोज पिज्जा के दाम 5 फीसदी तक बढ़ाए जा सकते हैं। अगस्त में खाने-पीने की महंगाई 18 फीसदी बढ़कर तीन साल में सबसे अधिक हो गई थी। खाद्यान्न के साथ सब्जियों की महंगाई ने आम आदमी की थाली से लेकर खास व्यंजनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
टेक्नोपैक एडवाइजर्स की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े शहरों में रीयल एस्टेट कीमतों और छोटे शहरों में डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े खर्चों की वजह से क्विक सर्विस रेस्त्रां के मार्जिन पर दबाव में हैं।