इस बार त्योहारों में सुस्त खरीदारी के बावजूद कर्ज लेकर खरीदारी का चलन बढ़ रहा है। इस त्योहारी सीजन में लोगों ने घर, वाहन आदि के कर्ज लेने के अलावा फ्लैट टीवी, महंगे मोबाइल आदि के लिए पिछले साल की तुलना में कहीं ज्यादा कर्ज लिए हैं।
बैंकर्स के अनुसार त्योहारी स्कीम का उपभोक्ताओं ने अच्छी तरह से फायदा उठाया है। साथ ही कंपनियों और डीलर्स के तरफ से दिए गए आकर्षक फाइनेंस स्कीमों का भी असर दिखा है।
पंजाब नेशनल बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार बैंक की आकर्षक स्कीम का लाभ उपभोक्ताओं ने बेहतर तरीके से उठाया है। पिछले साल अक्तूबर में बैंक ने रिटेल लोन के तहत 250 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था, जो इस बार बढ़कर 500 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। जिसमें से करीब 350 करोड़ रुपये होम लोन की हिस्सेदारी है। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन के लिए भी 25-26 दिनों के अंदर कहीं ज्यादा मांग रही।
इसी तरह भारतीय स्टेट बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि होम लोन की मांग अच्छी रही है। जून की तिमाही से तुलना की जाय, तो अभी तक यह तिमाही काफी अच्छी रही है। बैंक ने बीते वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 14.25 फीसदी की बढ़ोतरी होम लोन सेगमेंट में की थी, जबकि ऑटो लोन में 31 फीसदी के करीब बढ़ोतरी हुई थी। इस बार कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन में भी अच्छी मांग आ रही है।
वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के सीओओ सीएम सिंह के अनुसार त्योहारों में फाइनेंस के जरिए फ्लैट पैनल टीवी की अच्छी बिक्री हुई है। इसमें भी खास तौर से हाई-इंड टीवी पर ग्राहकों का ज्यादा जोर रहा है। कुल बिक्री में फ्लैट पैलन टीवी की हिस्सेदारी 50-60 फीसदी तक पहुंच गई है।
फाइनेंस का विकल्प होने से ग्राहकों के लिए खरीदारी करना आसान हो गया है। इंडियन बैंक के अधिकारी के अनुसार इस बार त्योहारों में पिछले साल की तुलना में 10-15 फीसदी ज्यादा कर्ज की मांग आई है। बैंक ने 2012-13 की तीसरी तिमाही में रिटेल लोन के तहत 14,624 करोड़ का कारोबार किया था।