अगले एक साल में भारतीय एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में करीब 60 फीसदी का इजाफा होने जा रहा है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने भारतीय एयरलाइंस के नए इंटरनेशनल ट्रैफिक अधिकारों को मंजूरी दी है, जिसमें उड़ानों की संख्या में भारी बढ़ोतरी के अलावा कई नए रूटों को भी हरी झंडी मिली है।
इसके तहत स्पाइस जेट को लखनऊ और वाराणसी से जबकि एयर इंडिया को मुंबई से पहली बार इराक के प्रमुख धार्मिक शहर नजफ के लिए उड़ान भरने की अनुमति दी गई है। नजफ शिया संप्रदाय का प्रमुख धार्मिक केंद्र है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अजित सिंह का कहना है कि भारतीय एयरलाइंस की इंटरनेशनल उड़ानों की संख्या प्रति सप्ताह 1074 से बढ़ाकर अगले साल तक 1695 करने की अनुमति दी गई है। ज्यादा उड़ानों से एयरलाइंस के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी जिसका फायदा यात्रियों को भी पहुंचेगा। कई रूटों पर पहली बार ट्रैफिक अधिकार दिए गए हैं। इनमें एयर इंडिया की दिल्ली से मास्को, रोम और सिडनी की सेवाएं भी शामिल हैं।
अगले तीन सत्र के लिए स्वीकृत ट्रैफिक अधिकारों में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को प्राथमिकता देते हुए सबसे ज्यादा उड़ानों की अनुमति मिली है। इसके अलावा जेट एयरवेज, स्पाइस जेट और इंडिगो की इंटरनेशनल उड़ानें भी मंजूर हुई हैं।