मेट्रा का सफर महंगा होने जा रहा है। न्यूनतम किराया 8 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये करने की योजना है। किराया बढ़ाने का आधार डीएमआरसी बोर्ड की बैठक में रखा जा चुका है।
वर्तमान किराया 15 स्लैब में है, जिसे घटाकर 7 स्लैब में करने का प्रस्ताव डीएमआरसी बोर्ड ने पास किया है। हालांकि वृद्धि पर अंतिम मुहर शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से गठित होने वाली कमेटी लगाएगी। डीएमआरसी ने चौथी किराया निर्धारण समिति गठित करने की मांग एक महीने पहले शहरी विकास मंत्रालय से की थी जो अभी तक गठित नहीं हुई है।
दिल्ली मेट्रो का परिचालन 25 दिसंबर, 2002 को शुरू हुआ था। तब से अब तक तीन बार किराया बढ़ाया गया है। अंतिम किराया वृद्धि 13 नवंबर, 2009 में की गई थी। उस समय औसत वृद्धि 36 फीसदी की गई थी जो इस बार 31 फीसदी प्रस्तावित है। हालांकि कुछ स्लैब में वृद्धि 40 फीसदी तक भी प्रस्तावित है।
डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह का कहना है कि मेट्रो का किराया बढ़ाने का अधिकार किराया निर्धारण समिति को है। समिति का गठन शहरी विकास मंत्रालय करता है, जिसकी मांग एक महीने पहले भेजी जा चुकी है।