बेहिसाब दौलत से घिरे रहने वाले देश के धनकुबेरों की जिंदगी अब कुछ और आराम भरी हो सकती है। रुपये-पैसे,जमीन-जायजाद, कारोबार और वित्तीय कामकाज की देखरेख के लिए अब अगर वह चाहें, तो उन्हें बहुत माथा-पच्ची नहीं करनी पड़ेगी। उनके यह सारे टेंशन दूर करेगी वित्तीय सेवाएं सलाह उपलब्ध कराने वाली ग्लोबल कंपनी क्रेडिट सुईस, जिसने भारत में अत्यधिक अमीर और प्रभावशाली लोगों के लिए सिंगल फैमिली ऑफिस सेवा शुरू की है।
क्रेडिट सुईस इंडिया के सीईओ मिहिर दोषी ने देश में शुरू की गई कंपनी की इस नई सेवा के बारे में बताया कि सिंगल फैमिली ऑफिस सेवा वेल्थ मैनेजमेंट के क्षेत्र में देश में मील का पत्थर साबित होगी। देश में इस तरह की पेशेवर सेवा की बेहतर संभावनाओं और मांग को देखते हुए ही कंपनी ने भारत में इसे लांच करने का फैसला किया है।
इसके तहत किसी धनी परिवार से समूचे आर्थिक व वित्तीय प्रबंधन और संपत्ति आदि से जुड़े कामकाज को संभालने के लिए एक पूरा का पूरा दफ्तर काम करेगा। ऊंची पेशेवर काबिलियत और अनुभव रखने वाले लोग इन सारे मामलों को देखेंगे। इसमें परिवार की समूची बजटिंग, निवेश, बीमा, से लेकर पारिवारिक कारोबार, संपत्तियों का हस्तांतरण, कर संबंधी मामले और दान जैसे चैरिटेबल कामकाज की देखभाल और प्रबंधन किया जाएगा।
इसके अलावा फैमिली, ऑफिस, प्राइवेट स्कूलिंग, यात्रा के इंतजाम जैसे तमाम व्यक्तिगत जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखेगा। फैमिली ऑफिस अपने ग्राहक की रुचियों, विचार और नैतिक मूल्यों के मुताबिक सारी व्यवस्थाओं का संचालन और प्रबंधन करेगा। इस तरह परिवार के सदस्य इन सारी चिंताओं से मुक्त होकर निश्चिंत जीवन बिता सकेंगे और जीवन में रोमांच और सुकून से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उनके पास ज्यादा वक्त होगा, जिसकी उन्हें हमेशा से चाहत रही है।
कंपनी ने भारत में इस सेवा को देश के डेढ़ लाख से भी ज्यादा करोड़पति परिवारों को ध्यान में रखते हुए किया है। एक ग्लोबल वेल्थ रिपोर्ट के मुताबिक इनकी संख्या 2017 तक 53 फीसदी बढ़कर करीब ढाई लाख तक पहुंच जाने की उम्मीद है। फिलहाल देश में वेल्थ मैनेजमेंट और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं व्यक्तिगत आधार पर कुछ कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं, पर किसी पूरे के पूरे कारोबारी घराने या धनी परिवार के लिए एक प्लेटफार्म पर स्पेश्लाइज्ड ढंग से ऐसी सेवा उपलब्ध नहीं है, जिसे देखते हुए क्रेडिट सुईस ने इस ओर कदम बढ़ाया है।