अब आपने क्रेडिट से की गई खरीदारी को और सुरक्षित कर सकते हैं। देश के प्रमुख बैंक आपको क्रेडिट कार्ड पर पिन नंबर इस्तेमाल करने का विकल्प दे रहे हैं। यानी नई सुविधा में आप जब भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल पीओएस पर मशीन पर करेंगे, तो उस पर आपको चार से छह अंको वाला पिन नंबर पासवर्ड के रुप में देना होगा। पिन नंबर डालने के बाद ही आपके क्रेडिट कार्ड से राशि का लेन-देन हो सकेगा।
अभी क्रेडिट कार्ड से की गई खरीदारी स्वैप के आधार पर हो जाती है। जिसमें कार्ड के दुरूपयोग का डर होता है। यानी कोई भी आपके क्रेडिट कार्ड को लेकर पेट्रोल पंप , रेस्टोरेंट, दुकान आदि पर खरीदारी कर सकता है। नई सुविधा में आप क्रेडिट कार्ड की खरीदारी को पिन नंबर आधारित बना सकते हैं।
इसके लिए एसबीआई कार्ड एंड पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड अपने ग्राहकों को ऑनलाइन पिन जेनरेट करने की सुविधा दे रहा है। क्रेडिट कार्ड धारक अपने ऑनलाइन अकाउंट पर जाकर पिन जेनेरेशन का विकल्प ले सकते हैं। बैंक आपका पिन ऑन लाइन ही जेनरेट कर देगा। जो कि चार अंकों का आपके आधार पर तय होगा।
एसबीआई के तहत एचडीएफसी बैंक भी अपने ग्राहकों को पिन जेनरेशन की सुविधा दे रहा है। इसके तहत ग्राहक बैंक के पास ऑन लाइन पिन जेनरेट करने का आवेदन कर सकते हैं। बैंक आपके द्वारा दिए गए पते पर आपको पिन भेजता है।
इसी तरह स्टैण्डर्ड चार्टर्ड बैंक के क्रेडिट धारक भी अपने ऑनलाइन अकाउंट के जरिए तुरंत अपना पिन जेनरेट कर सकते हैं।
कार्ड से की गई खरीदारी में धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब आरबीआई और बैंकों ने मिलकर सख्ती करने शुरू कर दी है। बैंकों के पास आ रही कुल शिकायतों में 25 फीसदी से ज्यादा धोखाधड़ी के मामले कार्ड के आ रहे हैं।
हाल ही में आरबीआई के निर्देशों के बाद देश के सभी बैंकों ने एक दिसंबर से डेबिट कार्ड से पीओएस मशीन के जरिए की गई खरीदारी पर पिन नंबर की अनिवार्यता लागू कर दी है।