भारतीयों की हर चीज की शॉपिंग पर भारी-भरकम छूट और कुछ मुफ्त पाने की मानसिकता से ऑनलाइन खरीदारी में कूपनिंग वेबसाइट की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। आलम यह है कि ऑनलाइन खरीदार लगभग सभी चीजों की खरीदारी पर कूपन्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हाल में हुए एक सर्वे के नतीजे बताते हैं कि भारतीयों का ऑनलाइन खरीदारी के प्रति आकर्षण बढ़ने की मुख्य वजह वहां मिलने वाली छूट (डिस्काउंट या कूपन) है। आज किसी भी चीज की खरीदारी से पहले 95 फीसदी खरीदारी ऑनलाइन सौदे सर्च करते हैं। इनमें से 74 फीसदी खरीदार बेहतर डील और कूपन के लिए कूपनिंग वेबसाइट को तरजीह देते हैं। इससे समय के साथ पैसे की भी बचत होती है। इसके अलावा, कूपनिंग वेबसाइट के जरिए बॉयर अपने घर से ही अपनी पसंद के उत्पादों की खरीद पर विशेष छूट का लाभ उठा सकता है।
शॉपपाइरेट डॉट इन के सह-संस्थापक कुलप्रीत मारवाहा का कहना है कि भारत में आज 20 करोड़ से अधिक लोग इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं 2018 तक यह संख्या बढ़कर 50 करोड़ तक पहुंच जाएगी। इससे निश्चित रूप से कूपिनंग वेबसाइट के कारोबार पर व्यापक असर दिखाई देगा। अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन खरीदारी करेंगे और अधिक से अधिक चीजों की खरीदारी ई-शॉपिंग के जरिए होगी।
मारवाहा के मुताबिक ई-शॉपिंग में ट्रैवल, फैशन, हेल्थ और मोबाइल रिचार्ज सेगमेंट में सबसे अधिक बढ़ोतरी हो रही है। उनका कहना है कि नवोदित कूपनिंग वेबसाइट इंडस्ट्री के बारे में बहुत अधिक ब्योरा उपलब्ध नहीं है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि देश में खरीदारी और कूपन साइट्स से कंपनियों का राजस्व 2 अरब डॉलर हो सकता है। इसके अलावा हमारा मानना है कि अगले दो से तीन साल में कूपन साइट्स की संख्या तेजी से बढ़ेगी।