प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘स्वच्छ भारत’ मुहिम को मूर्त रूप देने के लिए उद्योग जगत एकजुट होकर आगे आया है। प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत अभियान लांच करने के साथ ही सभी प्रमुख उद्योग संगठनों, बैंकों और कंपनियों ने अपने-अपने ऑफिसों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का अभियान चलाया। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी काम किया गया। उद्योगों ने प्रधानमंत्री के अभियान की सराहना करते हुए इसे भारत के तेज विकास में एक क्रांतिकारी कदम बताया है।
फिक्की स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ा
उद्योग संगठन फिक्की ने भी प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के साथ कदम मिलते हुए फिक्की भवन और उसके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का अभियान चलाया। इस मौके पर फिक्की स्टाफ ने कार्यस्थल के माहौल को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए ‘स्वच्छ भारत’ की प्रतिज्ञा ली। इस मौके पर संगठन की ओर से निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फिक्की के महासचिव डॉ. ए दीदार सिंह ने कहा कि 2019 तक ‘स्वच्छ भारत’ की हकीकत में बदलने की प्रधानमंत्री की मुहिम से हम बहुत प्रसन्न और उत्साहित हैं।
सीआईआई ने लांच किया ‘मिशन - सेनिटेशन ऑफ स्कूल्स’
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने ‘मिशन - सेनिटेशन ऑफ स्कूल्स’ लांच किया। इस मुहिम के जरिए कंपनियों के साथ मिलकर देशभर में सरकारी स्कूलों में टायलेट बनवाने का काम किया जाएगा। सीआईआई 2015-16 तक सीएसआर के जरिए 10 हजार टायलेट बनवाने के लिए कंपनियों को एकसाथ जोड़ेगा। सीआईआई के नामित प्रेसिडेंट और टीआईएल लिमिटेड के सीएमडी सुमित मजूमदार ने कहा कि सीआईआई उद्योग और सरकार के साथ मिलकर ‘स्वच्छ भारत’ को वास्तविकता का अमलीजामा पहनाएगा। ‘मिशन - सेनिटेशन ऑफ स्कूल्स’ का आयोजन सीआईआई फाउंडेशन की अगुवाई में किया जाएगा। सीआईआई फाउंडेशन ने इस पहल के लिए खासतौर से एक टास्क फोर्स का गठन किया है।
सीएसआर के तहत बनवाएं टायलेट : एसोचैम
उद्योग संगठन एसोचैम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान को मजबूती के लिए अपने चार लाख सदस्यों को सीएसआर के तहत टायलेट बनवाने की अपील की है। एसोचैम के प्रेसिडेंट राणा कपूर ने कहा कि हम अपने सदस्यों को प्रधानमंत्री के साथ स्वच्छता अभियान की प्रतिज्ञा लेने को कह रहे हैं, जिससे यह सुनिश्चित हो, कि हमें अपने वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में गर्व है। उन्होंने कहा कि चैम्बर कॉरपोरेट के साथ मिलकर कार्यक्रमों की सीरीज लांच करेगा। जिसमें हाईवे, स्टेट हाईवे, सिटी रोड और सार्वजनिक जगहों पर सीएसआर प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए बड़े पैमाने पर टायलेट बनाने की अपील की जाएगी।
पीएचडी चैम्बर ने चलाया सफाई अभियान
पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने प्रधानमंत्री की स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ते हुए सफाई अभियान की शुरुआत की। पीएचडी हाउस के अंदर और बाहर 200 कर्मचारियों के साथ बड़े पैमाने पर साफ-सफाई की गई। पीएचडी चैम्बर के कार्यकारी निदेशक सौरभ सान्याल के साथ पूरी टीम ने जहां तहां फैली गंदगी को साफ किया और कूड़े का उचित जगह पर निपटान किया। सान्याल ने कहा कि देश को तेज विकास के रास्ते पर ले जाने में स्वच्छ भारत एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
पंजाब एंड सिंध बैंक का सफाई अभियान
केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत अभियान के तहत पंजाब एंड सिंध बैंक के प्रधान कार्यालय, नई दिल्ली में सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। बैंक के सीएमडी जतिंदरबीर सिंह ने अपने सहयोगी कार्यकारी निदेशक किशोर सांसी के साथ मिलकर इसकी शुरुआत की। अभियान का संचालन राष्ट्रीय स्तर पर किया गया, जिसमें बैंक के सभी आंचलिक कार्यालय तथा शाखाएं शामिल हुईं। इस मौके पर बैंक के सीएमडी ने अपने सभी कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलवाई।
स्वच्छता अभियान से जुड़ा देना बैंक
देना बैंक ने स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ते हुए सफाई अभियान की शुरुआत की। बैंक के सीएमडी अश्विनी कुमार ने अपने कॉरपोरेट ऑफिस मुंबई में सफाई कार्यक्रम शुरू किया। इस मौके पर बैंक की ईडी तृष्णा गुहा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।