चीन में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) मई माह में सालाना आधार पर 6.7 फीसदी घटकर 8.6 अरब डॉलर पर आ गया। अमेरिका, यूरोपीय संघ और जापान से चीन में होने वाले निवेश में लगातार गिरावट आ रही है।
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि इस साल जनवरी-मई की अवधि के दौरान वित्तीय क्षेत्र को छोड़कर 48.9 अरब डॉलर का निवेश आया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 2.8 फीसदी अधिक है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि जापान से आने वाले निवेश में 42.2 फीसदी की कमी आई, जबकि अमेरिकी निवेश में 9.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। समीक्षाधीन अवधि के दौरान चीन में यूरोपीय संघ से होने वाला निवेश सालाना आधार पर 22.1 फीसदी घटा।
समीक्षाधीन जनवरी-मई अवधि के दौरान चीन के सेवा क्षेत्र में एफडीआई प्रवाह 19.5 फीसदी बढ़कर 27.5 अरब डॉलर हो गया। कुल निवेश में इस सेक्टर की हिस्सेदारी 56.2 फीसदी रही। वहीं मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश 16.7 फीसदी घटकर 17.4 अरब डॉलर पर आ गया।