कार निर्माताओं के लिए त्योहारी मौसम भी खास उत्साहजनक नहीं रहा। इस साल अक्तूबर में घरेलू कार बिक्री में 3.88 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
त्योहारी मौसम में भी बिक्री में आई गिरावट से साफ है कि कार कंपनियां मुश्किल आर्थिक हालात से जूझ रही हैं। हालांकि, मोटरसाइकिल निर्माताओं ने त्योहारी सीजन में जमकर जश्न मनाया। ग्रामीण क्षेत्रों से जबरदस्त मांग आने से अक्तूबर में मोटरसाइकिल की रिकॉर्ड बिक्री हुई।
ऑटो उद्योग के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (सियाम) द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार अक्तूबर में घरेलू कार बिक्री 1,63,199 रही, जो पिछले साल इसी महीने 1,69,788 थी। सियाम के महानिदेशक विष्णु माथुर का कहना है कि कार बिक्री में लगातार गिरावट बनी हुई है।
उच्च महंगाई दर और ऊंची ब्याज दरों के चलते मध्य वर्ग, जो कारों का सबसे बड़ा ग्राहक है, ने खरीदारी से दूरी बनाए रखी है। इसका सबसे अधिक असर बिक्री पर पड़ा है।
हालांकि, त्योहारी मौसम में थोड़ी बहुत मांग ग्रामीण बाजारों से जरूर आई है। यह आने वाले दिनों के लिए एक सकारात्मक संकेत है। अच्छे मानसून की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों से छोटी कारों के खरीदार बढ़े हैं।
माथुर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान घरेलू बाजार में कार बिक्री गिरावट में रहने की उम्मीद है। सियाम ने चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल में जारी अपने अनुमान में तीन से पांच प्रतिशत बढ़ोतरी का अंदाजा लगाया था लेकिन जो परिस्थितियां हैं उन्हें देखते हुए वित्त वर्ष की समाप्ति नकारात्मक वृद्धि दर के साथ हो सकती है।
अक्तूबर में मारुति सुजुकी की घरेलू बिक्री मामूली रूप से घटकर 79,040 रही, जबकि उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी ह्यूंदे मोटर इंडिया की बिक्री मामूली बढ़त के साथ 35,973 रही। टाटा मोटर्स की बिक्री 33.44 फीसदी लुढ़ककर 10,944 पर आ गई, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा की कार बिक्री 13.18 फीसदी लुढ़ककर 22,034 पर दर्ज की गई।
सियाम के मुताबिक अक्तूबर में कुल वाहन बिक्री 7.01 फीसदी पर 57,020 पर पहुंच गई, जो पिछले साल इसी महीने 53,285 थी।
सियाम की ओर से 1997-98 में वाहन बिक्री के आंकड़े एकत्रित करने शुरू किए गए।
तब से अब तक मोटरसाइकिल की एक माह में सर्वाधिक बिक्री अक्तूबर 2013 में हुई। सियाम के मुताबिक इस साल अक्तूबर में मोटरसाइकिल बिक्री 18.05 फीसदी बढ़कर 11,05,103 को गई, जो पिछले साल इसी महीने 9,36,122 थी।
हीरो मोटोकार्प की गत माह बिक्री 20.76 फीसदी बढ़कर 5,54,545 हो गई। वहीं, उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी बजाज ऑटो की बिक्री 12.51 फीसदी घटकर 2,28,998 रह गई। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की बिक्री 54.69 फीसदी की तगड़ी उछाल के साथ 1,72,075 पर पहुंच गई।