यात्री कारों की घरेलू बिक्री में लगातार दूसरे महीने दहाई अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गत दिसंबर महीने में यात्री कारों की बिक्री में वर्ष २०१३ दिसंबर के मुकाबले १५.२६ फीसदी की बढ़ोतरी रही। दिसंबर माह में यात्री वाहनों की कुल घरेलू बिक्री में १२.४१ फीसदी का इजाफा रहा। गत दिसंबर माह में कारों के निर्यात में २४.४२ फीसदी की बढ़ोतरी रही।
सोसायटी आफ इंडियन आटोमोबाइल्स मैन्यूफैक्चरर्स (सियाम) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक गत दिसंबर माह में कारोंं की कुल घरेलू बिक्री १५२७४३ यूनिट की रही जबकि वर्ष २०१३ के दिसंबर माह में यह बिक्री १३२५२४ यूनिट की थी। पिछले दिसंबर में यात्री कारों का कुल उत्पादन १९४६८८ यूनिट रहा जो कि वर्ष २०१३ के दिसंबर माह मेंं१७२८५१ यूनिट का था। पिछले साल दिसंबर में ६०४०७ कारों का निर्यात किया गया जबकि उससे एक साल पहले की समान अवधि में ४८५५१ यूनिट कार का निर्यात किया गया था।
सियाम के आंकड़ों के मुताबिक गत दिसंबर महीने में यात्री वाहनो का कुल बिक्री २०९०२५ यूनिट रही। दिसंबर, २०१३ में यह बिक्री १८५९५१ यूनिट थी।
पिछले साल दिसंबर माह में दोपहिया वाहनों की कुल घरेलू बिक्री में ४.२५ फीसदी की बढो़तरी दर्ज की गई वहीं इस दौरान दोपहिया वाहनों के निर्यात मेंं १३.०४ फीसदी का इजाफा रहा। गत दिसंबर माह में व्यावसायिक वाहन व तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री में क्रमश: ९.०१ फीसदी व १३.१३ फीसदी का इजाफा रहा।
सियाम के मुताबिक सरकार द्वारा आटोमोबाइल क्षेत्र में उत्पाद कर पर मिलने वाली छूट को वापस लेने से चालू वित्त वर्ष २०१४-१५ में आटोमोबाइल क्षेत्र में एक फीसदी तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। पहले सियाम ने यह बढ़ोतरी दर चार फीसदी तक रहने का अनुमान लगाया था।