अबुधाबी की विमानन कंपनी ऐतिहाद को घरेलू एयरलाइन जेट एयरवेज में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी मिल गई है।
नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीईए) की ओर से इस सौदे को मंजूरी मिल गई है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद दोनों कंपनियां महीनों पहले हुए करीब 2,058 करोड़ रुपये (33 करोड़ डॉलर) में हुए इस करार को अमली जामा पहनाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ आई हैं।
हालांकि इस सौदे के लिए एंटी-ट्रस्ट नियामक की मंजूरी मिलना अब भी बाकी है। साथ ही दोनों कंपनियों को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के दिशा-निर्देशों का भी पालन करना होगा।
अजित सिंह ने कहा कि जेट-ऐतिहाद सौदे को मंजूरी मिलना एयरलाइन उद्योग के लिए एक अच्छी खबर है। इससे ग्राहकों को भी फायदा होगा। ऐतिहाद इस साल अप्रैल में जेट एयरवेज में 24 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने पर रजामंद हुई थी।
ऐतिहाद ने 10 रुपये अंकित मूल्य वाले जेट एयरवेज के 2.72 करोड़ शेयर कुल 2,057.66 रुपये में खरीदने का प्रस्ताव दिया था।
सरकार की ओर से बीते साल एयरलाइन सेक्टर में एफडीआई का दायरा बढ़ाए जाने के बाद किसी विदेशी एयरलाइन द्वारा घरेलू विमानन सेवा में निवेश का पहला सौदा था।
घरेलू एयरलाइन में एफडीआई की अनुमति के बावजूद राजनीतिक विरोध और विदेशी निवेश संबंधी नियामकीय मंजूरियों न मिल पाने के चलते यह सौदा काफी महीनों तक अटका रहा।
सौदे के बाद जेट के प्रोमोटर नरेश गोयल के पास 51 फीसदी इक्विटी रहेगी जबकि एत्तिहाद के पास 24 और शेष 25 फीसदी पब्लिक के पास रहेगी।