सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार सेवा कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की सेवाएं 12 जून से बाधित हो सकती हैं।
बीएसएनएल की कर्मचारी यूनियनों ने 12 जून से देश भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है।
बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन का कहना है कि बीएसएनएल में सम्मलित हुए कर्मचारियों और आईटीएस कर्मचारियों की तनख्वाह में 9.4 फीसदी का अंतर है। इस अंतर को खत्म करने के लिए पिछले साल बीएसएनएल सीएमडी के साथ करार हुआ था जो अभी तक लागू नहीं हुआ है।
एआईबीएसएनएल (ईए) के सर्कल सेक्रेट्री वीपी सिंह ने बताया कि इस संबंध में बुधवार को डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम (डॉट) सचिव के साथ बीएसएनएल कर्मचारी यूनियनों के ज्वाइंट फोरम की बैठक होनी है।
अगर इस बैठक में कोई नतीजा नहीं निकलता है तो बीएसएनएल के देश भर में फैले 2.67 लाख कर्मचारी 12 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। इस क्रम में बुधवार को बीएसएनएल के कॉरपोरेट ऑफिसर में कर्मचारी यूनियनों ने प्रदर्शन भी किया।