विदेशी बाजारों से मिले जुले संकेतों के बीच कारोबार के आखिरी घंटों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली से घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन तेजी में रहे।
बांबे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 158.13 अंक चढ़कर 19,962.16 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 49.25 अंक ऊपर 5,899.45 अंक पर रहा। बड़ी कंपनियों की तुलना में छोटी और मझोली कंपनियों में लिवाली कमजोर रही।
बीएसई का सेंसेंक्स 61 अंकों की उछाल के साथ 19,865.99 अंक पर खुला और 20 हजार अंक के स्तर को पार करते हुए 20,013.33 अंक के ऊपरी स्तर तक गया।
हालांकि सत्र के दौरान बिकवाली के दबाव में यह 19,775.29 अंक के निचले स्तर तक फिसला। आखिर में पिछले सत्र के 19,804.03 अंक की तुलना में 158.13 अंक या 0.80 फीसदी की बढ़त के साथ यह 19,962.16 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई का मिडकैप 0.45 फीसदी बढ़कर 5,601.25 अंक पर और स्मॉलकैप 0.08 फीसदी ऊपर 5,477.47 अंक पर रहा। रीयल्टी, बैंकिंग, एफएमसीजी और तेल एवं गैस समूह में सबसे अधिक लिवाली हुई।
बीएसई में कुल 2,503 कंपनियों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,221 बढ़त में और 1,112 गिरावट में रहे, जबकि 170 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से मुनाफा कमाने वाले शेयरों में एनटीपीसी 3.28 फीसदी, टाटा पावर 3.11, डॉ. रेड्डीज 2.64, स्टेट बैंक 2.38, हिन्दुस्तान यूनिलीवर 2.21, एलएंडटी 1.69, मारुति सुजुकी 1.61, सनफार्मा 1.46, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.44, आईटीसी 1.40, एचडीएफसी बैंक 1.20, कोल इंडिया 1.19, सिप्ला 1.11 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.07 प्रतिशत, विप्रो 1.06, ओएनजीसी 0.84 , हिंडाल्को 0.70, जिंदल स्टील 0.67, टाटा स्टील 0.66, टाटा मोटर्स 0.54, टीसीएस 0.36, गेल इंडिया 0.32, एयरटेल 0.01 और बजाज ऑटो 0.01 फीसदी बढ़त के साथ शामिल रहे।
गिरावट वाले शेयरों में भेल 4.76 फीसदी, हीरो मोटोकार्प 2.84, सेसा गोवा 1.58, एचडीएफसी 0.61 , महिंद्रा 0.47 और इनफोसिस 0.25 फीसदी के साथ शामिल रहे।