ग्लोबल स्तर पर किसी भी बड़ी हलचल से आमतौर पर झटका खा जाने वाला घरेलू शेयर बाजार अमेरिका में उपजे आंशिक बंदी के संकट को बेफिक्री से झेल गया।
चालू खाते का घाटा (कैड) अनुमान से कम रहने और बीते माह मैन्यूफेक्चरिंग सेक्टर में सुधार के आंकड़ों ने बाजार को बढ़त का रास्ता दिखाया।
बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 137.38 अंक चढ़कर 19,517.15 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 44.75 अंक की बढ़त लेकर 5,780.05 अंक पर बंद हुआ।
पेट्रो, पावर, मेटल और पीएसयू वर्ग में अच्छी खरीद दिखी, जबकि रीयल्टी, बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स वर्गों में बिकवाली का दबाव रहा।
अमेरिका में बहुचर्चित स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर सरकार और विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी के बीच गतिरोध के कारण सरकारी तंत्र के आंशिक बंदी की गिरफ्त में आने का विदेशी बाजारों में मिला-जुला असर दिखा।
अमेरिकी और यूरोपीय बाजार जहां गिरावट में रहे वहीं एशियाई बाजारों पर इसका खास असर नहीं पड़ा।
वित्तीय मामलों के सचिव अरविंद मायाराम द्वारा अमेरिकी संकट का घरेलू अर्थव्यवस्था पर कोई असर न पड़ने का भरोसा दिए जाने से बाजार में निवेशकों का भरोसा डगमगाने से बचा रहा।
तेजी पर खुला सेंसेक्स बीच सत्र में 19,532.91 अंक के ऊपरी और 19,264 अंक के निचले दायरे में रहकर आखिर में 0.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,517.15 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी की शुरुआत भी तेजी के साथ हुई। बीच कारोबार में यह 5,786.45 अंक के ऊपरी और 5,700.95 अंक के निचले दायरे में रहा और आखिर में 5,780.05 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई में कुल 2,486 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,320 लाभ में और 1,007 नुकसान में रहे, जबकि 159 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में एचडीएफसी, भेल, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, बजाज ऑटो, एसबीआई, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, एलएंडटी, भारती एयरटेल, रेड्डीज लैब, टीसीएस, टाटा मोटर्स, आईटीसी, कोल इंडिया और महिंद्रा के शेयरों में 0.68 से 3.03 फीसदी की तेजी में रहे।
नुकसान उठाने वालों में टाटा पावर, सेस गोवा, एनटीपीसी, ओएनजीसी, जिंदल स्टील, हिन्दुस्तान यूनि, हिंडाल्को, विप्रो, हीरो मोटोकॉर्प, गेल इंडिया, सनफार्मा, सिप्ला, इनफोसिस और आरआईएल के शेयर 0.01 से 3.82 फीसदी की गिरावट में रहे।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अवकाश के कारण बुधवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे।