अंडमान द्वीप समूह छुट्टियां बिताने की एक बेहतरीन जगह है। हर साल अक्तूबर से अप्रैल की शुरुआत तक बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की सुंदरता दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करती है। वैसे तो अधिकांश पर्यटक इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि छुट्टियां मनाने के लिहाज से अंडमान द्वीप समूह एक बेहतरीन गंतव्य है। फिर भी वे इस द्वीप समूह के बारे में और अधिक जानकारी हासिल करने की कोशिश में रहते हैं। मेकमायट्रिप डॉट कॉम इस वर्जिन द्वीप समूह पर खोज के लिए साहसी एवं महत्वाकांक्षी लोगों को सक्षम बनाना चाहता है। अंडमान के पसंदीदा पर्यटन स्थल बनने को लेकर मेकमायट्रिप डॉट कॉम के चीफ बिजनेस ऑफिसर- हॉलीडेज मोहित गुप्ता ने अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत की। इसमें उन्होंने पाठकों को कुछ अहम जानकारियां भी दीं। पेश हैं प्रमुख अंश -
हर साल अंडमान की यात्रा करने वाले घरेलू पर्यटकों की संख्या कितनी है?
अंडमान भारत में घरेलू पर्यटन स्थल के रूप सबसे तेजी से लोकप्रिय हो रहे गंतव्यों में से है। पर्यटकों की सालाना ग्रोथ यहां 30 फीसदी की दर से हो रही है। अगले कुछ वर्षों तक यह रफ्तार बने रहने की उम्मीद है।
पिछले साल की तुलना में क्या आपने अंडमान जाने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की? क्या इसकी कोई खास वजह रही?
अंडमान जाने वाले यात्रियों की संख्या में हमने सालाना आधार पर उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है। पर्यटकों के अंडमान जाने की कई वजहें हैं। सबसे प्रमुख वजहों में से एक यह कि, भारतीयों के लिए यह हनीमून मनाने की अच्छी जगह के रूप में लोकप्रिय हो रहा है। यहां के प्राचीन और खूबसूरत सैंड बीच सभी का ध्यान खींचते हैं। साथ ही यहां स्थानीय स्तर पर किसी तरह की दखलंदाजी नहीं होती। पर्यटक सुरक्षित तरीके से छुट्टियों का लुत्फ उठा सकते हैं। वहीं, स्नार्कलिंग और स्कूबा डाइबिंग की सुविधा उपलब्ध होने से इसे लेकर उत्साही पर्यटक खासे आकर्षित होते हैं। कोलकाता, चेन्नई और अब भुवनेश्वर से अंडमान की सीधी फ्लाइट होने से यहां पहुंचना काफी आसान हो गया है। दूसरे विदेशी जगहों की तरह पर्यटकों को यहां वीजा, पासपोर्ट या अन्य जरूरी औपचारिकताओं के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ती है। यह सभी ग्राहकों के लिए आसान चेक इन सुविधा है। एलटीए (लीव ट्रेवल अलाउंस) क्लेम करने वालों के लिए अंडमान सबसे पसंदीदा जगह है।
सबसे अधिक पर्यटक किस समय यहां आते हैं?
अंडमान की यात्रा का सबसे उपयुक्त समय अक्तूबर से मार्च है। हालांकि, पिछले दो सालों से बारिश के मौसम (जुलाई से सितंबर के शुरू तक) को छोड़कर पूरे साल यहां पर्यटकों की आवाजाही रह रही है।
किस उम्र वर्ग के लोग यहां अधिक आते हैं?
युवा पर्यटक खासकर हनीमून मनाने वाले जोड़े यहां सबसे अधिक आने वालों यात्रियों में हैं। इसके अलावा बड़े परिवार समूह (पूजा और दिवाली के समय) और यहां तक की बुजुर्ग भी यहां छुट्टियां बिताना मुफीद समझते हैं। स्कूबा डाइविंग स्पोर्ट्स की सुविधा होने से एडवेंचर पसंद पर्यटक भी अच्छी खासी तादाद में अंडमान का रुख करते हैं।
मेकमायट्रिप के लिए एक पर्यटन स्थल के रूप में अंडमान कितना महत्वपूर्ण है?
हॉलीडेज बिजनेस में अंडमान का अच्छा खासा योगदान है। इसलिए मेकमायट्रिप के लिए यह विशेष फोकस वाला गंतव्य है। संख्या के आधार पर सर्दियों (अक्तूबर-मार्च) के दौरान यह हमारा सबसे बड़ा हॉलीडे डेस्टिनेशन है। यात्री अपनी जरूरत के आधार पर यात्रा का विकल्प चुनते हैं। इसमें फिक्सड डिपार्चर (ग्रुप) हॉलीडे पैकेज और होटल ओन्ली बूकिंग बेहद लोकप्रिय है। बड़ी संख्या में पर्यटक हमारे जरिए केवल फ्लाइट का टिकट ही खरीदते हैं और रहने और अन्य चीजों का प्रबंधन स्वयं करते हैं।
आने वाले वर्षों में अंडमान जाने वाले पर्यटकों में कितनी वृद्धि की उम्मीद है?
विमानन कंपनियों द्वारा अंडमान के लिए अधिक उड़ानें शुरू करने और स्थानीय प्रशासन द्वारा बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने मसलन परस्पर द्वीपों के आवागमन के लिए अधिक संख्या में नौकाएं उपलब्ध कराने से आने वाले वर्षों में पर्यटकों की संख्या में अच्छी ग्रोथ होगी।