अमूल ने एक बार फिर से दूध महंगा करके आम जनता को जोर का झटका दिया है। महंगाई से जूझ रही जनता को अब दूध की बढ़ी हुई कीमतें देनी होंगी।
अमूल ने दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी की है। अमूल ने अपने हर ब्रांड के दूध की कीमत बढ़ा दी है।
अमूल डायमंड जो पहले 48 रुपए प्रति लीटर बिकता था अब 50 रुपए लीटर बिकेगा, अमूल गोल्ड 46 रुपए लीटर से बढ़कर 48 रुपए लीटर, अमूल ताजा 36 रुपए से बढ़कर 38 रुपये लीटर और अमूल स्लिम एन ट्रिम 32 रुपए से बढ़कर 34 रुपए लीटर मिलेगा।
अमूल कंपनी का कहना कि उत्पादन लागत में बढ़ोतरी और गर्मी में इसकी उपलब्धता की कमी के चलते कीमते बढ़ाई गई हैं।
वित्त वर्ष 2014-15 में पहली मूल्य वृद्धि है, लेकिन कुल मिलाकर अमूल दूध की कीमतें पिछले आठ साल में 19 बार बढ़ चुकी हैं। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में भी अमूल दूध की कीमतों में एक से दो-रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी।
अमूल के दूध महंगा करने के बाद मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। पिछले कुछ सालों से यह ट्रेंड बन गया है कि पहले अमूल दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करता है और फिर धीरे-धीरे दूसरी दूध बेचने वाले समूह भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर देते हैं।