वाराणसी को जापान द्वारा स्मार्ट सिटी बनाए जाने की घोषणा के बाद अब अमेरिका ने उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद, राजस्थान के अजमेर और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम को स्मार्ट सिटी बनाने की जिम्मेदारी ली है। यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूएसआईबीसी) से चल रही बैठक में अमेरिका के साथ इस बात को लेकर सहमति बन गई है। अभी यूएसआईबीसी का प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर है।
सोमवार को केंद्रीय शहरी विकास, आवास तथा शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया कि अमेरिका इलाहाबाद, अजमेर और विशाखापट्टनम को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करेगा। भारत में जो भी स्मार्ट सिटी विकसित होगा वह बिल्कुल नए रूप में होगा। भारत में विकसित होने वाले हर स्मार्ट सिटी में भारतीय संस्कृति की झलक होगी।
यूएसआईबीसी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इलाहाबाद, अजमेर और विशाखापट्टनम का दौरा करेगा ताकि इन शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का खाका तैयार किया जा सके। स्मार्ट सिटी को इस प्रकार डिजाइन किया जाएगा कि जिंदगी काफी आसान हो जाए। स्मार्ट सिटी सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी) पर आधारित होगी। जापान पहले ही वाराणसी को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने में अपनी मदद देने का वादा कर चुका है। भारत में 100 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाना है।