विदेशी और घरेलू कंपनियों से किराए के मोर्चे पर मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए एयर इंडिया ने लंदन-मुंबई मार्ग पर किफायती किराये वाली उड़ान शुरू करने की योजना बनाई है। एयर इंडिया के सूत्रों ने बताया कि ब्रिटेन की वर्जिन एटलांटिक की ओर से मुंबई से लंदन के लिए इस महीने से सीधी उड़ान शुरू करने की खबर आने के बाद से एयर इंडिया ने भी इस मार्ग पर किफायती किराये वाली सेवा देने की योजना बनाई है।
साथ ही उसने नवंबर मध्य से लंदन उड़ान के लिए ड्रीमलाइनर विमानों के इस्तेमाल की भी तैयारी कर ली है। मुंबई-लंदन रूट पर अबतक ब्रिटिश एयरवेज, जेट एयरवेज और एयर इंडिया के बीच ही प्रतिस्पर्धा थी, लेकिन अब इसमें वर्जिन एटलांटिक के भी शामिल हो जाने से मुकाबला कांटे का हो गया है।
इसे ध्यान में रखते हुए एयर इंडिया ने मुंबई-लंदन के बीच आने जाने का किराया काफी कम रखने की योजना बनाई है। इस किफायती किराये की सुविधा 7 नवंबर से दिसंबर तक के लिए है। यह किराया 42 से 45 हजार के बीच का होगा। वर्जिन एटलांटिक ने फिलहाल इस रूट का किराया शुरुआती छूट के तहत 42 हजार रुपये रखा है, लेकिन यह सिर्फ 17 नवंबर तक के लिए है।