दुनिया के सबसे सस्ते टैबलेट ‘आकाश’ का निर्माण करने वाली कंपनी डाटाविंड का कहना है कि इसकी प्रोग्रामिंग और असेंबलिंग देश में ही की गई और केवल कुछ मुख्य पार्ट्स ही चीन से मंगाए गए हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा है कि पहले चरण में आईआईटी के लिए 10 हजार टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए मदरबोर्ड और कुछ अन्य पार्ट्स को हमने अपनी चीनी सहयोगी कंपनी से हासिल किया लेकिन सारे उपकरणों की प्रोग्रामिंग और असेंबलिंग भारत स्थित नई दिल्ली और अमृतसर फैक्टरी में ही की गई है।
कंपनी का कहना है कि चीन से जरूरी पुर्जों को हासिल करने के लिए सरकार से मंजूरी ली गई थी। आकाश टैबलेट के उन्नत संस्करण का लांच 11 नवंबर को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था। एक अंग्रेजी दैनिक ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया था कि आकाश-2 टैबलेट चीन का उत्पाद हो सकता है।
डाटाविंड कंपनी ने 10 हजार टैबलेट चीन की कंपनियों से खरीदे हैं। इनकी खरीद 2263 रुपये में की गई है और इसी लागत में इन्हें भारत सरकार को बेचा गया। कंपनी ने एक लाख छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने की नीलामी जीती थी। हालांकि करार के मुताबिक, इन टैबलेट का निर्माण भारत में ही किया जाना था।