वाहन और स्वास्थ्य बीमा को बहुत तेजी से धार देने में 'आधार' जुट गया है।
कार, दुपहिया वाहन, मकान और हेल्थ इंश्योरेंस कराने के लिए आधार कार्ड को केवाईसी के रूप में लागू करने की तैयारी है। यानी आप अप्रैल से वाहन आदि के बीमे के लिए कंपनियों को अपना आधार कार्ड केवाईसी के रूप में दे सकेंगे। बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा ) जल्द ही वाहन, मकान और हेल्थ आदि के बीमा कराने पर केवाईसी नियमों को लागू कर सकता है।
सूत्रों के अनुसार इस संबंध में बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) साधारण बीमा कंपनियों के लिए नए केवाईसी नियम को अंतिम रूप दे रहा है। इसके तहत केवाईसी के रूप में आधार कार्ड को मान्य किया जाएगा। अभी वाहन के लिए बीमा कराने, हेल्थ इंश्योरेंस आदि पर ग्राहकों को किसी तरह का केवाईसी देना अनिवार्य नहीं है।
एक साधारण बीमा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि इरडा आधार कार्ड को केवाईसी के साथ जोड़ने की व्यवस्था अप्रैल 2014 से लागू करने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में सभी स्तर पर आम सहमति बन गई है। ऐसे में साधारण बीमा के तहत काम करने वाली कंपनियों के लिए दिशा निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
अधिकारी के अनुसार मौजूदा नियम के तहत साधारण बीमा कंपनियों से क्लेम लेते समय एक लाख रुपये या उससे ज्यादा की राशि पर केवाईसी की अनिवार्यता है। अभी वाहन, स्वास्थ्य आदि का बीमा कराते वक्त केवीईसी की अनिवार्यता नहीं है, जबकि जीवन बीमा कंपनियों में केवाईसी अनिवार्यता बीमा कराते वक्त ही होती है। अधिकारी ने बताया कि नए नियम अगर लागू हो कर दिए जाते हैं, तो इसका फायदा ग्राहकों के साथ-साथ कंपनियों को भी होगा।
कंपनियों को ग्राहकों की प्रोफाइल समझने में आसानी होगी। इससे वह अच्छा रिकार्ड रखने वाले ग्राहकों को कम प्रीमियम देने का भी लाभ दे सकेंगे। ग्राहकों की प्रोफाइल बेहतर जानने के लिए इरडा ने एक इनफार्मेशन ब्यूरो भी बनाया है, ऐसे में केवाईसी लागू होने से ग्राहकों की जानकारी बेहतर प्राप्त होगी।