बिजली की किल्लत और लचर कानून व्यवस्था से जूझ रही उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार निवेशकों का भरोसा जीतने में जुटी है। इसके लिए दिल्ली में आयोजित निवेश सम्मेलन में करीब 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद जगी है।
हालांकि, राज्य सरकार के साथ 54056 करोड़ रुपये के 19 एमओयू करने वाली अधिकांश कंपनियां वहीं हैं, जो पहले से किसी ना किसी रूप में यूपी से जुड़ी हैं। सरकार की कोशिशों के बावजूद नई कंपनियां राज्य में आने से हिचक रही हैं।
मुकेश अंबानी की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो राज्य में 5 हजार करोड़ का निवेश कर 4जी नेटवर्क स्थापित करेगी। इसके अलावा आईटीसी ने 2100 करोड़ रुपये, एस्सेल ग्रुप ने 20 हजार करोड़ रुपये, एमिटी ने 20 हजार करोड़ रुपये, यूफ्लेक्स ने 4 हजार करोड़ रुपये, मथुरा रिफाइनरी ने 8 हजार करोड़ रुपये, हिंदुस्तान पेपर मिल्स ने 4 हजार करोड़ रुपये, यशोदा हॉस्पिटल ने 2 हजार करोड़ रुपये, जेएवीएल एग्रो ने 2200 करोड़ रुपये और गेल ने 500 करोड़ रुपये के निवेश का इरादा जाहिर किया है।
लेकिन इन कंपनियों के साथ हुए इन एमओयू की कोई समय-सीमा तय नहीं है। ये निवेश कब तक आएगा, कहना मुश्किल है।
निवेशकों को मिलेगी पूरी मदद
यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में निवेशकों को भरपूर मदद देने का भरोसा दिलाया है। उनका कहना है कि वह निवेशकों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।
यूपी की संभावनाओं का खाका पेश करते हुए उन्होंने कहा कि इतना बड़ा बाजार विश्व में कहीं और नहीं है। राज्य में उपजाऊ जमीन और पानी की कोई कमी नहीं है। यहां टूरिज्म और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भरपूर संभावनाएं हैं।
उन्होंने निवेशकों से सीधे जुड़कर समस्याएं हल करने का वादा किया है।
चार लेन हाईवे से जुड़ेंगे जिला मुख्यालय
राज्य में औद्योगिकीकरण और निवेश को बढ़ावा देने के लिए अखिलेश यादव ने बुनियादी ढांचे के विकास को जरूरी बताया है। उन्होंने बताया कि आगरा को लखनऊ से जोड़ने के लिए छह लेन वाले राजमार्ग का काम लगभग पूरा हो चुका है।
अब राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय को चार लेन वाले राजमार्ग से जोड़ा जाएगा। इनके किनारे मंडियां विकसित करने की योजना है, जिससे किसानों को बाजार तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
यूपी में निवेश की इच्छुक कंपनियों को अखिलेश यादव ने भरपूर सहयोग देने का वादा किया है। राज्य सरकार के साथ एमओयू करने वाली कंपनियों के लिए उद्योग विभाग नोडल अफसर नियुक्त करेगा। ये अधिकारी कंपनियों अपनी प्रोजेक्ट पर अमल करने में सहयोग देंगे।
यूपी के मेगा प्रोजेक्ट
- रिलायंस जियो इंफोकॉम का 4जी नेटवर्क
- बुंदेलखंड में यूफ्लेक्स का 300 मेगावाट सोलर पावर प्लांट
- एमिटी का कानपुर में मेडिकल कॉलेज
- कानपुर, लखनऊ और ग्रेटर नोएडा में 250-250 बेड के फोर्टिस हॉस्पिटल
- सोनालिका की ट्रैक्टर फैक्ट्री
- गेल का गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, सीएनजी कॉरिडोर के साथ 12 सीएनजी स्टेशन