चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्तूबर तक की अवधि में देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) 27 फीसदी की गिरावट के साथ 14.78 अरब डॉलर रहा। जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 20.29 अरब डॉलर रहा था। हालांकि इस दौरान सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) में पांच फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3.5 अरब डॉलर दर्ज किया गया। यह जानकारी उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में दी गई है।
जानकारी के मुताबिक वित्तीय और गैर वित्तीय सेवा क्षेत्र में पिछले साल की समान अवधि में 3.42 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया था। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में करीब 50 फीसदी तक का योगदान करने वाले सेवा क्षेत्र में वित्त वर्ष 2011-12 में एफडीआई बढ़ कर 5.21 अरब डॉलर पर पहुंच गया था, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह महज 3.29 अरब डॉलर रहा था।