सड़क पर दौड़ते बड़े और भारी भरकम वाहनों को देखकर यही लगता है कि उन्हें किसी का डर नहीं। लेकिन एक अनोखे हादसे ने साबित कर दिया कि कभी कभी ऊंट भी पहाड़ के नीचे आ सकता है। ये वाकया तब हुआ जब सड़क पर दौड़ता एक बड़ा ट्रक एकाएक फटी जमीन में समा गया।
चीन के युनान प्रांत में सड़क पर दौड़ते विशालकाय ट्रक को एकाएक जमीन ने निगल लिया। सड़क के बीचों बीच हुए सिंकहोल (गड्ढे) के बीच ट्रक एक खिलौने की तरह समा गया। सलामती की बात रही कि ट्रक ड्राइवर के ड्राइवर की जान बच गई।
युनान प्रांत में कुनमिंग में हाइवे पर जा रहे एक ट्रक ड्राइवर के साथ ये वाकया हो गया। ड्राइवर ने बातचीत में बताया एकाएक उसे जोर की आवाज सुनाई दी। उसने देखा कि सामने की सड़क एकाएक हिलने लगी। पहले तो लगा कि शायद भूकंप आया है। लेकिए कुछ ही सैकेंड में जोर की आवाज के साथ जमीन फट गई और ट्रक रपटते हुए उसमें समाने लगा।
बुरी तरह से भयभीत हो चुके ड्राइवर ने बताया कि उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि ये क्या हो रहा है। उसका ट्रक लगातार बड़े हो रहे उस गड्ढे में फिसलने लगा। एकाएक उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। होश आया तो वो ट्रक समेत करीब 30 फीट गहरे गडढे में गिरा था।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा। यह करीब 20 फीट चौड़ा सिंकहोल था। ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के लिए भेज दिया गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सिंकहोल इस बात का गवाह है कि यहां पहले नदी बहती थी और चट्टानों से नदी को रोक कर रास्ता बनाया गया। एक्सपर्ट ये भी कह रहे हैं कि लगातार बढ़ती आबादी के चलते इमारतों और रास्तो को बनाया जा रहा है और इसी के कारण नदियां धरती में समा रही हैं। लेकिन ज्यादा दबाव पड़ने पर चट्टानों के कटने से इन नदियों के रास्ते एकाएक खुल जाते हैं।
सिंकहोल की घटनाएं इससे पहले भी विश्व के कई हिस्सों में हो चुकी हैं। फ्लोरिडा में एक व्यक्ति के बेडरूम में हुए सिंकहोल के कारण उसकी जान चली गई थी।