बंदूक के दम पर पैसे, गहने और सामान चोरी करने के बारे में तो आपने भी कई बार सुना होगा। लेकिन क्या कभी ये सुना है कि किसी ने बंदूक की नोंक पर बाल चोरी कर लिए हों?
वेनेजुएला में एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश हुआ है, जो लड़कियों के बाल चोरी करता है और वो भी बंदूक के बल पर।
क्रेजीन्यूज24 के अनुसार, पिरानहास नाम के ये लुटेरे दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे नकली बालों के बाजार के लिए काम करते हैं और कहीं भी किसी खूबसूरत बाल वाली लड़की को देखते ही उसके बाल काट लेते हैं।
इस गिरोह का सबसे ज्यादा शिकार वो महिलाएं होती हैं, जिनके बाल लंबे और सीधे होते हैं। कई बार तो ऐसा होता कि ये लुटेरे पूरी की पूरी चोटी काटकर ले जाते हैं। चोरी का ये काम इतनी सफाई से किया जाता है कि कई बार महिला को पता भी नहीं चलता।
इन लुटेरों का डर कुछ इस कदर फैला है कि पुलिस ने महिलाओं को चोटी करके या फिर बाल खोलकर न घूमने की सलाह दी है। कुछ दिन पहले चीन में भी एक ऐसा ही वाकया सामने आया था।
एक यात्री ने अपनी सहयात्री के बाल काट दिए थे। बाद में पता चला कि वो बैठे-बैठे बोर हो रहा था, इसलिए उसने ऐसा किया था।