हर कोई कभी न कभी ट्रैफिक जाम में फंसता है। तब लगता है कि काश ऐसी गाड़ी होती जो जमीन के साथ साथ आसमान पर भी चलती। इसी काश को वैज्ञानिकों ने सच कर दिया है। वैज्ञानिकों ने सड़क और आसमान दोनों जगह चलने वाली बाइक बनाई है। यानी सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतार देखकर अपनी गाड़ी को हवा में उड़ाना अब सपना नहीं रहेगा।
अमेरिका के एक वैज्ञानिक ने तीन पहियों की एक ऐसी मोटरसाइकिल बनाई है, जो सड़क पर चलने के साथ साथ हवा में भी उड़ सकेगी। इस सुपर स्काई मोटरसाइकिल को बनाने वाले लैरी नील का कहना है कि इसमें 582 सीसी का इंजन और 68 इंच के तीन ब्लेड लगाए गए हैं। यह मोटरसाइकिल 58 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा में 20 फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकती है।
मेट्रो डॉट यूके का कहना है कि एक बार ईंधन भरे जाने के बाद ये बाइक पांच घंटे तक हवा में उड़ेगी। इसकी कीमत 46 पौंड (करीब 40.5 लाख रुपए) रखी गई है। सबसे खास बात ये है कि इस बाइक को चलाने के लिए पायलट का लाइसेंस होना जरूरी है। नील का कहना है कि उन्हें कई देशी विदेशी कंपनियों से मोटरसाइकिल के ऑर्डर मिल रहे हैं। उन्होंने अमेरिका के एक पैनल से इस मोटरसाइकिल के बड़े पैमाने पर निर्माण के लिए बातचीत की है।
नील ने बताया कि उनके सामने सबसे बड़ी समस्या उड़ान के बाद नीचे आने पर मोटरसाइकिल के पंखों को फोल्ड करने की थी लेकिन फोल्ड किए जा सकने वाले ब्लेडों से इस समस्या को उन्होंने हल कर लिया। जिसके बाद यह मोटरसाइकिल आसमान तथा संड़क दोनो जगहों पर चलाने में आसान है।