साढ़े तीन फुट लंबे रामलाल को ईश्वर से कोई शिकवा नहीं है। कद छोटा होने के बावजूद उसे रोजी रोटी कमाने में कोई परेशानी नहीं हो रही है। सोलन के कंडाघाट निवासी 37 वर्षीय रामलाल 15 वर्षों से अपने गांव में दर्जी की दुकान चला रहे है। कद छोटा होने पर उन्हें माप लेने में दिक्कत आती थी, लेकिन उसने दुकान में लकड़ी की सीढ़ी बना रखी है जिस पर बैठ कर वह माप लेते हैं। अपने क्षेत्र में मशहूर दर्जी होने के साथ-साथ रामलाल रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस के एजेंट भी हैं जिसमें वह कमीशन के आधार पर कार्य करते हैं। कमीशन से वह अच्छा-खासा कमा लेते हैं।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में रामलाल ने कहा कि उसके दो भाई व तीन बहनें हैं। एक भाई उससे चार इंच लंबा है। माता पिता की लंबाई सामान्य होने पर भी छह भाई-बहनों में वह दो ही बौने रहे, लेकिन उसे अपनी कम लंबाई का कोई शिकवा नहीं है। आज वह वे सभी कार्य कर रहा है जो सामान्य लोग करते हैं। जमा दो पास करने के बाद उसने दर्जी की दुकान खोली जो बहुत अच्छी चल रही है। दर्जी के साथ-साथ इंश्योरेंस काम भी अच्छा चल रहा है। इंसान परमात्मा की देन है। लेकिन जिस हाल में भी वह उन्हें रखे उसी में खुश रहना चाहिए। मनुष्य को अपनी जीवन में प्रयास करने चाहिए। लग्न व कड़ी मेहनत से किया गया कार्य में अवश्य सफलता मिलती है।