बचपन में पेंसिल को शार्प तो आपने बहुत बार किया होगा लेकिन क्या कभी इससे कोई रिकॉर्ड बनाने की बात सोची थी?
विज्ञापन
आप कहेंगे पेंसिल से कौन सा रिकॉर्ड बन सकता है? तो आपको बता दें कि भारत के किशोर ने दुनिया की तरह-तरह की पेंसिलों को जमा करके एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।
14 हजार से ज्यादा पेंसिल रखने का रिकॉर्ड
सुनने में ही कितना अजीब लगता है कि किसी के पास 14 हजार से ज्यादा पेंसिल हैं। लेकिन ये सच है। तुषार लखनपाल के पास 14 हजार से ज्यादा पेंसिल हैं और पेंसिल को लेकर उनकी ये भूख यहीं तक सीमित नहीं है। वो अपने इस रिकॉर्ड को और दूर तक ले जाना चाहते हैं।
आपने लोगों को स्टैम्प, सिक्के और न जाने क्या-क्या जमा करते देखा होगा लेकिन स्टेशनरी का सामान जमा करने वाले तुषार अपने तरह इकलौते शख्स हैं।
हर पेंसिल है एक-दूसरे से जुदा
नई दिल्ली में रहने वाले तुषार बताते हैं कि उनके पास 14 हजार से ज्यादा पेंसिल है और वो हर रोज इसमें इजाफा ही करते जा रहे हैं।
खास बात ये है कि उनकी कोई भी पेंसिल एक समान नहीं है। हर पेंसिल का रंग, आकार और प्रकार एक-दूसरे से अलग है।
40 अलग-अलग देशों की हैं ये पेंसिल
पेंसिल के इस संग्रह में केवल भारत की ही पेंसिल नहीं है। उनके इस विशाल संग्रह में दुनिया के 40 मुल्कों की पेंसिल शामिल है।
उनके पास एक सोने के कवर वाली पेंसिल है। इसके अलावा एक नक्काशी वाले बक्से में रखी दो ऐसी भी पेंसिल है जिसके बारे में मत है कि इसका इस्तेमाल महारानी एलिजाबेथ द्वितीय करती होंगी।
लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है नाम
तुषार का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में पहले से ही दर्ज है लेकिन वो अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज करवाना चाहते हैं।
उन्हें इस बात की पूरी उम्मीद भी है कि उनके पास जो संग्रह है वो दुनिया का सबसे बड़ा संग्रह है।
पेंसिल के प्रकार
तुषार के पास महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की दो पेंसिल है, जो उन्हें उनके माता-पिता ने लाकर दी थी। इसके अलावा उनके संग्रह में सबसे लंबी पेंसिल आठ फुट और तीन इंच लम्बी है। जबकि सबसे छोटी पेंसिल चार सेमी की है।
सबसे अधिक पेंसिल जमा करने के लिए उरुग्वे के एमिलो अरेनास का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। उनके पास 14,552 पेंसिलों का संग्रह है।
तुषार ने चार साल की उम्र से पेंसिल जमा करना शुरू किया था। वो इसके लिए हर रोज कुछ घंटे इंटरनेट पर बिताते हैं और बेहतरीन से बेहतरीन पेंसिल तलाशते हैं, जो उनके पास न हो।
डेली मेल के अनुसार, तुषार हाईस्कूल के स्टूडेंट हैं। वो बताते हैं कि अब तो उनके रिश्तेदार भी उन्हें उपहार में कुछ और देने के बजाय पेंसिल ही देना पसंद करते हैं।