कहते हैं कि अपनी गली में कुत्ता भी शेर होता है। लेकिन वर्जीनिया में एक व्यक्ति ने अपने कुत्ते के बाल इस तरह काटे कि वो शहर भर में शेर बन गया। यहां तक कि शहर के लोग इस कुत्ते को शेर समझकर लोग सड़कों पर भाग निकले। आप भी देखिए इस कुत्ते को। आप भी चकरा जाएंगे कि ये शेर है या कुत्ता !
ये कुत्ता वर्जीनिया के नारफोल्क प्रांत के स्थानीय व्यापारी डेनियल पेंटर का पालतू कुत्ता है जो बिलकुल शेर की तरह दिखता है। लेब्राडूडल प्रजाति का ये कुत्ता शेर से इतना मिलता है कि लोग इसे शेर समझकर सिर पर पैर रख भाग निकलते हैं।
डेनियल ने अपने कुत्ते के बाल इस स्टाइल से काटे हैं कि वो बिलकुल शेर की आगे से झबरीला और सुडौल दिखता है। डेनियल ने अपने इस प्यारे से कुत्ते का नाम भी लेब्रा लायन रखा है क्योंकि इसे देखकर लगता है कि आप शेर के सामने खड़े हैं।
खैर बवाल तब हुआ जब डेनियल अपने लेब्रा लायन को लेकर शहर की मुख्य यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में पहुंचे। यहां कार्यक्रम के चलते काफी भीड़ थी और लेब्रा लायन के पहुंचते ही भगदड़ मच गई। लोग इस कुत्ते को देखकर यहां वहां भागने लगे। कुत्ता बिलकुल शेर जैसी शान से यूनिवर्सिटी में घूम रहा था।
तभी किसी ने पुलिस को फोन कर दिया कि चिड़ियाघर से छूट कर एक शेर यूनिवर्सिटी इलाके में जा घुसा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो अधिकारियों के होश उड़ गए। यहां तक कि उन्होंने तुरंत कर्मचारियों को चिड़ियाघर भेज पता लगाया कि चिड़ियाघर में कितने शेर हैं। चिड़ियाघर से खबर आई कि कोई शेर नहीं भागा है, तब जाकर लोगों को विश्वास हुआ कि ये शेर नहीं कुत्ता है।