आपने जलपरियों की कहानी सुनी होगी, जो मछली जैसी होती हैं, तैरती है और ना जाने क्या-क्या। ये मत्स्य परियां कल्पना हैं या सच्चाई ये तो बता पाना मुश्किल है लेकिन पूर्वी चीन में एक बच्चा ऐसा है, जिसकी त्वचा मछली की तरह है।
हफपोस्ट की खबर के मुताबिक, आठ साल के पान झियांगहांग अपनी इस अजीबोगरीब त्वचा की वजह से रातभर सो नहीं पाता। फिश ब्वॉय के नाम से मशहूर चीन के वेनलिंग प्रांत का ये बच्चा सिर से लेकर पैर तक मोटे और खुरदुरे शल्क से ढका हुआ है।
यह एक अनुवांशिक बीमारी है। जन्म से ही पान इचियोसिस नाम की इस बीमारी से पीड़ित है। दुख की बात ये है कि इस बीमारी का कोई इलाज नहीं है और पान को अपनी पूरी जिंदगी इसी दर्द के साथ बितानी होगी।
पान की मां ने एक साक्षात्कार के दौरान बताया वो सिर्फ स्कूल जाना चाहता है लेकिन खुजली और जलन की वजह से वो काफी परेशान रहता है।
फाउंडेशन फॉर इचियोसिस एंड रीलेटेड स्किन आइप्स के मुताबिक, दुनियाभर में हर साल जन्म लेने वाले करीब 16 हजार बच्चे किसी न किसी प्रकार की इचियोसिस से पीड़ित होते हैं।
अफसोस की बात ये है कि विज्ञान के इतना विकसित होने के बावजूद इसका कोई इलाज नही है।