आमतौर पर शादी के तुरंत बाद दूल्हा दुल्हन डोली महंगी कार या दूसरी महंगी सवारी से निकलते हैं। लेकिन एक जोड़े ने शादी के बाद महंगी गाड़ी की बजाय लोकल ट्रेन से यात्रा कर लोगों को चौंका दिया।
लंदन में शादी करने के तुरंत बाद एक जोड़ा महंगी गाड़ी की बजाय लोकल ट्रेन में चढ़कर अपनी पार्टी में पहुंचा। इसे खर्च और चमक दमक से दूर रहने के लिए मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
डेली मेल के अनुसार इलियर माउंडर और एमिली ड्रैबक ने लंदन के मेरीलेबोन रजिस्ट्री ऑफिस में शादी की। शादी के समय इस जोड़े के साथ करीब 32 मेहमान भी थे।
नवविवाहित जोड़ा सारे मेहमानों के साथ रजिस्ट्री ऑफिस से निकलकर बेकर स्ट्रीट पर अंडरग्राउंड लोकल ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचा और ट्रेन के जरिए सभी लोग चेयरिंग क्रास पहुंचे।
दरअसल चेयरिंग क्रास पर ही शादी के बाद रिसेप्शन का कार्यक्रम था और सभी लोग मात्र नौ मिनट में रिसेप्शन स्थल पर पहुंच गए। सूत्रों का कहना है कि अगर ये जोड़ा किसी विंटेज कार या गाड़ी में रिसेप्शन स्थल पर जाता तो उसे कम से कम तीन घंटे का समय लगता।
ट्यूब के चीफ ऑपरेटिंग अफसर का कहना है कि जब उन्हें पता चला कि शादी के बाद बारात उनकी ट्यूब से जाने वाली है तो उन्होंने आवभगत की कोई कसर नहीं छोड़ी। ट्यूब का एक डिब्बा नवविवाहित जोड़े के लिए रखा गया जबकि दूसरे डिब्बे में बाकी सभी मेहमान थे।
लंदन में यात्रा करने के लिए मेट्रो ट्यूब को सबसे सस्ती और बेहतर ट्रांसपोर्ट सर्विस माना जाता है। करीब 90 हजार लोग रोज मेट्रो ट्यूब में सफर करते हैं।