नेपोलियन की लिखी एक 200 साल पुरानी चिट्ठी एक नीलामी में एक लाख बाईस हजार पाउंड में बिकी है। नेपोलियन की फौज द्वारा रूस पर किए गए हमले के दौरान लिखी गई इस चिट्ठी को पेरिस के म्यूजियम ऑफ लेटर्स एंड मैनुस्क्रिप्ट ने खरीदा है। ख़त के साथ उसके अर्थ की प्रतिलिपि भी खरीददार को दी गई।
उम्मीद की जा रही थी कि साल 1812 में लिखा गया खत दस से पंद्रह हजार यूरो के बीच नीलाम हो सकता है। नेपोलियन ने ये खत अपने विदेश मंत्री हू बर्नर्ड मारेट को लिखा था। नेपोलियन ने मास्को पर कब्जा कर लिया था लेकिन रूस की फौजे वहां से हट गई थीं और जाड़ा शुरू हो गया था और फांस के शासक को लग रहा था कि उन्हें वापस जाना होगा।
चिट्ठी की पंक्ति में लिखा गया है, बाईस तारीख के तीन बजे मैं क्रेमलिन को उड़ा दूंगा। खत में फ्रांस के शासक की निराशा साफ झलकती है जब वो कहते हैं, मेरे घुड़सवार बुरी हालत में हैं, बहुत सारे घोड़े मर रहे हैं, कोशिश करें कि हम जितनी जल्द हो नए घोड़े खरीद सकें।