क्या आप अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश हैं? अगर हां तो आप इससे होने वाले इस ‘साइड इफेक्ट’ का सामना करने के लिए भी तैयार रहिए। आपको इस खुशी की कीमत बढ़ते वजन से चुकानी पड़ सकती है। दरअसल, एक नए अध्ययन में दावा किया गया है कि अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश रहने वालों के वजन बढ़ने की संभावना अधिक होती है।
डलास में सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने चार सालों तक 169 नए शादीशुदा जोड़ों का अध्ययन किया। उन्होंने आठ बार उनका वजन मापा और उनसे पूछा कि वे अपने रिश्ते से कितना संतुष्ट हैं।
अध्ययन में उन्होंने पाया कि खुश रहने वाले जोड़ों के वजन अधिक बढ़े, जबकि खुश नहीं रहने वाले जोड़ों के वजन अपेक्षाकृत कम बढ़े। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह निष्कर्ष गर्भावस्था जैसे कारकों के बाद भी लागू होता है। प्रमुख शोधकर्ता एंड्रयू मेल्तजेर ने कहा कि शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं रहने वाले जोड़े अपने वजन को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकते हैं, क्योंकि वे तलाक पर विचार कर रहे होते हैं और नए पार्टनर की ओर आकर्षित होना चाहते हैं।
हालांकि उन्होंने आगाह किया कि उनका यह निष्कर्ष कारण और प्रभाव को साबित नहीं करता है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में ओहियो यूनिवर्सिटी द्वारा किए गए अध्ययन में शादी के बाद महिलाओं के वजन बढ़ने और पुरुषों के स्लिम ट्रिम होने का दावा किया गया था।