हर बाप शादी के मौके पर अपनी बेटी को तोहफों से लाद देता है। लेकिन बस के
कंडेक्टर से शादी करने पर एक बाप अपनी बेटी से इतना खफा हो गया कि उसने
बेटी को मौत का तोहफा दे डाला।
ये बाप बेटी के एक कंडक्टर से शादी करने से बहुत नाराज था और उसे लग रहा था कि उसकी इज्जत पर बट्टा लग गया है। इतना ही नहीं बेटी की हत्या को अंजाम देने के बाद पिता ने थाने में जाकर आत्मसर्पण कर दिया। लड़की ने पिछले साल सितंबर में ही चंडीगढ़ में कोर्ट मैरिज की थी।
पुलिस के अनुसार मानसा जिले के गांव खोखर कलां निवासी मिट्ठू सिंह की बेटी जसविंदर कौर ने गत सितंबर में मौड़ मंडी के गांव राजगढ़ कुब्बे के युवक रामपाल से प्रेम विवाह किया था। लड़का दूसरी जाति से संबंधित था और एक मिनी बस में कंडक्टर था। इसलिए जसविंदर के परिजन इस शादी से नाराज थे।
इसी बात को लेकर शुक्रवार को मिट्ठू सिंह अपनी 12 बोर की बंदूक लेकर बेटी की ससुराल गांव राजगढ़ पहुंच गया। घर आने से पहले उसने बेटी से कहा कि सरप्राइज गिफ्ट ला रहा हूं। घर में दाखिल होते ही मिट्ठू सिंह ने बेटी को गोली मार दी। जसविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी ने थाने में जाकर आत्म समर्पण कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी डी अमरजीत सिंह मौके पर पहुंचे।
बस में आते-जाते हुआ था प्रेम
पुलिस के अनुसार जसविंदर कौर मानसा के एसएसडी कालजे में पढ़ती थी और रोज अपने गांव खोखर कलां से मिनी बस से जाती थी। इस दौरान मिनी बस के कंडेक्टर रामपाल के साथ उसके प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद दोनों ने एक चंडीगढ़ जाकर कोर्ट मैरिज कर ली।