लोग पैसे के लिए पुरखों से मिले घर और सामान बेचते हैं। लेकिन कोई पुरखों से मिला सरनेम ही बेचने पर आ जाए तो क्या कहेंगे। ऐसा ही कुछ अमेरिका में हो रहा है। एक अमेरिकी व्यवसायी ने अपने सरनेम की नीलामी करने का फैसला किया है। इनका कहना है कि इनकी मां तलाक ले रही है और ऐसे में पुराने पिता का सरनेम रखने से कोई फायदा नहीं। पूर्व पिता से मिले सरनेम को बेचकर पैसा कमाना इनको रास आ गया।
अमेरिका के वाशिंगटन में रहने वाले जेसन सैडलर अपना सरनेम बेचना चाहते हैं और इसके लिए सैडलर ने नीलामी की प्रक्रिया भी अपनाई और बोली लगाई जा चुकी है। जिसकी सबसे ज्यादा बोली होगी, सैडलर नाम का सरनेम उसे मिल जाएगा।
सैडलर का कहना है कि वह इस नीलामी से मिले पैसे को फन मार्केटिंग के आइडियाज में लगाएंगे और इसका 10 प्रतिशत दान कर देंगे। जेसन ने कहा, मैंने मौका देखा। मेरी मां तलाक ले रही हैं और अब मुझे इस सरनेम की जरूरत नहीं है। फिर मैंने सोचा कि क्यों न मैं अपना यह सरनेम बेच दूं।
सैडलर की वेबसाइट बायमायलास्टनेमडॉटकॉम पर बिडिंग कुछ दिन पहले ही बंद हो चुकी है। अब जीतने वाले बिडर को सैडलर का सरनेम हासिल करने के लिए 45 हजार 5 सौ डॉलर देने होंगे।
2013 में 30 वर्षीय सैडलर अपना सरनेम अपने बिडर की मर्जी के मुताबिक अपना सरनेम और अपनी पहचान कानूनी तौर पर बदल लेंगे। फ्लोरिडा के स्टेट कोर्ट सिस्टम के मुताबिक इस पूरे प्रोसेस में कुछ हफ्ते लग सकते हैं। इस दौरान जेसन के स्टेट और नेशनल स्तर के क्रिमिनल रेकॉर्ड की जांच के लिए उंगलियों के निशान भी लिए जाएंगे। और एक निश्चित तारीख पर जज की सहमति से अंतिम फैसला लिया जाएगा।
अपने इस अनोखे फैसले पर सफाई देते हुए सैडरल कहते हैं कि सैडलर सरनेम मेरे लिए अब कोई मायने नहीं रखता। मैं इसी तरह की ऑनलाइन मार्केटिंग का काम करता हूं और मुझे यह आइडिया काफी पसंद आया। हालांकि, सैडलर ने इस विनिंग बिड के सामने भी कुछ शर्तें रखी हैं। उनकी सबसे अहम शर्त यह है कि अपने नए सरनेम से जब तक वह संतुष्ट नहीं होते तब तक उनका सरनेम नहीं बदला जाएगा।