आमतौर पर हम देखते हैं कि मदारी खेल खेल में बंदर को अपने इशारों पर नचाता है और बंदर भी नाचता है। लेकिन क्या कभी बंदर के इशारे पर इंसान को नाचते देखा है। वह भी हट्टे कट्टे सुरक्षाकर्मियों को। बंदर भी कुछ ऐसा वैसा नहीं था। बंदर बाकायदा आदमियों की तरह पूरे कपड़े यानी कोट पैंट पहने था। उसने सिर पर टोपी भी लगा रखी थी और नफासत में मॉल में घूम रहा था।
जी हां, यहां के एक पालतू और फैशनपरस्त बंदर ने सुरक्षाकर्मियों के छक्के छुड़ा दिए। हुआ यूं कि टोरंटो में एक महिला अपने पांच महीने के बंदर के साथ मॉल में खरीददारी करने गई। बंदर को कोट पहने देख उसे देखने वालों का मजमा लग गया। भारी भीड़ देखकर बंदर अपनी मालकिन का हाथ छुड़ाकर भाग निकला। फिर क्या था, मॉल में उसने हनुमान जी की तरह लंका वाली स्थिति पैदा कर दी।
बंदर की धमाचौकड़ी से परेशान होकर विशेष सुरक्षाकर्मी बुलाए गए। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मी उस बंदर को पकड़ने में कामयाब हुए। उसे बंद कर दिया गया, लेकिन मामला यहीं ठंडा नहीं पड़ा। जैसे ही महिला को उसके प्रिय बंदर के पकडे़ जाने की खबर लगी उसे छुड़ाने पुलिस स्टेशन पहुंच गई। फिर भी बंदर को रिहा नहीं किए जाने पर महिला ने अदालत का रुख किया है।