उनके सिर पर मौत नाच रही थी, किसी को उम्मीद नहीं थी कि वो मौत के दलदल से जिंदा वापस आ सकेंगे। लेकिन जाको राखे साइयां मार सके ना कोय वाली कहावत सिद्ध हो गई। चीन के दक्षिण में शाओयांग काउंटी में खनन के दौरान लैंडस्लाइड में एक एक करके चार मजदूर दब गए। लेकिन कई घंटों की अथक मेहनत के बाद चमत्कारिक रूप से चारों को बचा लिया गया। खास बात ये है कि चीन में हर साल खनन के दौरान हजारों मजदूर लैंडस्लाइड में दबकर कर मर जाते हैं।
ऐसे गिरा मिट्टी का टीला
दरअसल शाओयांग काउंटी में दो बिल्डर प्रोजेक्ट चल रहे थे। यहां खुदाई का काम चल रहा था कि दो मजदूरों पर मिट्टी का ठीया गिर गया। दोनों मजदूर सैंकड़ों फीट नीचे मिट्टी में धंस गए। तब दो मजदूरों को इनकी खोज में नीचे भेजा गया लेकिन ये दोनों भी मिट्टी में दब गए। इससे मजदूरों में अफरातफरी मच गई।
करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की मदद मांगी गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने इन चारों को बचाने के लिए फूंक फूंक कर कदम रखे। एक मजदूर तो गले तक मिट्टी में दबा हुआ था। काफी सावधानी से चारों ओर की मिट्टी काट कर इन मजदूरों को बचाया गया। इलाके में इस घटना को चमत्कार की तरह देखा जा रहा है। दरअसल इस इलाके में मिट्टी में दबकर हर साल हजारों मजदूर काल के गाल में समा जाते हैं। ऐसे में इन मजदूरों का बचना काफी आश्चर्यजनक माना जा रहा है।