देश में सांप के काटने से होने वाली मौत से जुड़ी आपने कई खबरें देखी-पढ़ी होंगी। लेकिन अजूबे भी इसी दुनिया में होते हैं और यह खबर आपको ऐसे ही एक चमत्कार के बारे में बताएगी।
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सांप के काटने से गुस्साए एक किसान ने पलटकर सांप को काट लिया और इसके कुछ देर बाद सांप की मौत हो गई।
नीलाभ धुरवे ने उस सांप का पीछा किया, जो उसके दाएं अंगूठे पर काटकर भागा था। नीलाभ ने सांप को पकड़ा और मुंह से उसके कई टुकड़े कर दिए।
उसने बताया, 'मैं सिर्फ इसलिए जिंदा बच गया, क्योंकि सांप को मारने में कामयाब रहा।' नीलाभ का इलाज करने वाले डॉ राहुल श्रीवास्तव भी इस घटना पर हैरान हैं।
उन्होंने कहा, 'मैंने इस आदिवासी बहुल इलाके में पोस्टिंग के बाद से अब तक सांप काटने के 200 से ज्यादा मामले देखे हैं, लेकिन यह अपने तरह का पहला मामला है।'
डॉक्टर ने बाद में उसे सांप का जहर खत्म करने वाला सीरम दिया और अब वह खतरे से बाहर है। धुरवे को लगता है कि अगर सांप को पकड़कर नहीं काटता, तो खुद मर जाता। जबकि वैज्ञानिक तथ्य यह है कि ज्यादातर सांप जहरीले नहीं होते हैं।