फोटोग्राफी का शौक रखने वालों की दुनिया में कमी नहीं। लेकिन अगर ये शौक जंगल की महारानी को लग जाए तो क्या होगा। जिंबाव्बे के नेशनल पार्क में एक शेरनी का दिल फोटोग्राफर द्वारा रखे गए कैमरे पर इस कदर आ गया कि वो अपना शिकार छोड़कर कैमरा लेकर चलती बनी। इस दौरान रिमोट कंट्रोल्ड कैमरे से खींचे गए फोटोग्राफ्स चर्चा में आ गए हैं।
डेली मेल के अनुसार घटना जिंबॉव्बे के माना पूल नेशनल पार्क की है। एक शेरनी ने जंगली भैंसे का शिकार किया और उसे खाने के लिए अपने बच्चों को खोजने चली गई। इसी दौरान इड ने अपना कैमरा (रिमोट कंट्रोल्ड कैनन 5D mark।।) शिकार के पास रख दिया। शेरनी जब शिकार के पास लौटी तो कैमरा देखकर एकबारगी भड़क उठी। लेकिन कैमरे से होते क्लिक और शीशे में अपनी तस्वीर देखकर वो उत्सुक हो उठी।
फिर क्या था। शेरनी ने अपने लजीज शिकार को नजरंदाज करके कैमरे को मुंह में दबा लिया और चल दी। इड को आश्चर्य हुआ कि ताजा शिकार को छोड़कर शेरनी ने कैमरे में उत्सुकता दिखाई।
इड ने कहा कि वो जानवरों की जिंदगी में दखल देना पसंद नही करते और इसलिए वो रिमोट कंट्रोल्ड कैमरे का इस्तेमाल कर रहे थे। इड के अनुसार 'जब शेरनी शिकार के पास लौटी होगी तो कैमरे की क्लिक सुनकर उसका ध्यान कैमरे पर गया होगा।' उसने एक दो बार कैमरे को सूंघा और सुनिश्चित किया कि ये नुकसानदायक नहीं है। इसके बाद उसने कैमरे को मुंह में दबाया और विजेता की तरह चल दी।
खास बात ये रही कि इस दौरान कैमरे से लगातार क्लिक हो रहे थे। शेरनी ने एक जगह बैठकर कैमरे पर उलट पुलट कर देखा। वो कैमरे को अपने एक बच्चे की तरह संभाल रही थी। उसने कैमरे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इस दौरान इड दूर बैठकर शेरनी की हरकतों को दूसरे कैमरे में कैद कर रहे थे।
आखिरकार जब शेरनी इस खिलौने से बोर हो गई तो उसे छोड़कर दूसरी जगह चली गई। तब इड ने कैमरा उठा लिया। कैमरे पर दांतों के कुछ निशानों के अलावा कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।